Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Karnal : शहर के रामनगर में डीजे बंद करवाने गई पुलिस पर बरसाए ईंट-पत्थर, दो गिरफ्तार


करनाल : शहर के रामनगर थाना क्षेत्र में डीजे पार्टी की शिकायत पर पहुंची पुलिस पार्टी पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने पुलिस पार्टी पर ईंट और पत्थर बरसाए। इसमें पुलिस कर्मचारी सतपाल घायल हो गया। इस मामले में 32 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। करनाल में इससे पहले भी खाकी भी हमले के मामले सामने आ चुके हैं।

शनिवार शाम को रामनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि रामनगर की वाल्मीकी बस्ती में एक समारोह के दौरान संगीत कार्यक्रम चल रहा है। रात 12 बजे के बाद भी डीजे बंद न होने के कारण स्थानीय लोगों ने 112 पर शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पार्टी कर रहे लोग पुलिस पार्टी पर हावी हो गए।

पुलिस कर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति पथराव में तब्दील हो गई। मोहल्ले में चारों ओर से पत्थर बरसने लगे। जिस कारण हरियाणा पुलिस के हैंड कांस्टेबल सतपाल पत्थर लगने से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मी ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि मोहल्ल में के लोगों ने पहले से ही हमले की तैयारी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में रमेश और संजीव को गिरफ्तार किया है। बाकी की तलाश जारी है।

32 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया है केस : एसपी

करनाल एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि रामनगर में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के मामले में 32 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी हमलावर गिरफ्त में होंगे।

आइटीआइ चौक पर भी हुआ था

इससे पहले नए साल की शुरूआत के दौरान आइटीआइ चौक पर बाइक सवार युवकों ने दो पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई की थी। इसके बाद सेक्टर 13 में पुलिस कर्मियों को निशाना बनाया गया था। अस्पताल चौक पर भी पशु तस्करों ने पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चड़ाने का प्रयास किया था।