News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

LIVE: भूपेंद्र पटेल होंगे गुजरात के नए मुख्यमंत्री, नरेंद्र सिंह तोमर ने किया एलान


  • नई दिल्ली,। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है। गांधीनगर में पार्टी के मुख्यालय में होने वाली विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की जा रही है। पूर्व सीएम विजय रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा है।

बता दें कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और नरेंद्र सिंह तोमर को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव से लगभग सवा साल पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अपना इस्तीफा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंपा था। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव दिसंबर 2022 में होने हैं।

भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी गांधीनगर में भाजपा कार्यालय में हैं। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग भी हैं। इसके अलवा भाजपा विधायक दल की बैठक में विजय रूपाणी, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल भी मौजूद हैं। इससे पहले दोनों पर्यवेक्षकों ने पार्टी के अन्य नेताओं से राज्य भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल के गांधीनगर स्थित आवास पर मुलाकात की।

गुजरात पहुंचकर तोमर ने कहा, ‘विजय रूपाणी जी के इस्तीफे के बाद कौन मुख्यमंत्री बनेगा ये विषय हमारे सामने हैं। हम आज प्रदेश अध्यक्ष और अन्य लोगों से चर्चा करेंगे।’ विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विधायक दल की बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

विधायक दल की बैठक में नए नाम की घोषणा

कोरोना वायरस महामारी के दौरान भाजपा शासित राज्यों में पद छोड़ने वाले चौथे मुख्यमंत्री रूपाणी (65) ने दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रूपाणी के इस्तीफे की घोषणा के तुरंत बाद भाजपा के महासचिव (संगठन) बी एल संतोष और गुजरात राज्य इकाई के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने कहा कि रविवार को होने वाली विधायक दल की बैठक में रूपाणी के उत्तराधिकारी के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

रूपाणी के बाद इन नामों पर चर्चा

विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। इसके अलवा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और पूर्व गृह राज्यमंत्री प्रफुल्ल पटेल को भी मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में देखा जा रहा है।