Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Manali : भूस्खलन से तांदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध, सड़क बहाली में जुटा बीआरओ


मनाली, । तिंदी के पास भूस्खलन से तांदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वीरवार दोपहर हुए भूस्खलन के दौरान कोई राहगीर व वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था जिस कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क पर आए मलबे को हटाने में जुट गया है। वहीं, हिमपात से प्रभावित जनजीवन अब धीरे धीरे पटरी पर लौटने लगा है। बीआरओ ने लाहुल घाटी की मुख्य सड़कों से बर्फ हटा दी है। वीरवार को लाहुल घाटी में दिन भर फोर बाय फोर वाहनों से आवाजाही हुई। बीआरओ केलंग से दारचा सड़क को बहाल कर रहा है। शिंकुला की ओर कूच करेगा।

पर्यटकों के लिए अटल टनल व लाहुल घाटी अभी बंद

सड़क की बहाली एक तरफा होने से पर्यटकों के लिए अटल टनल व लाहुल घाटी अभी बंद है। हालात सामान्य होने के बाद ही पर्यटक अटल टनल सहित घाटी के दीदार कर सकेंगे। वीरवार को पर्यटकों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति रही। कुछ पर्यटक फोर बाय फोर वाहनों में धुंधी मैदान भी जा पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि तिंदी के पास भूस्खलन से सड़क बंद है। मनाली डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि अटल टनल व लाहुल की वादियों के दीदार को अभी इंतजार करना होगा।

खनाग से जलोड़ी जोत तक बहाल हुआ मार्ग

राष्ट्रीय राजमार्ग औट-लुहरी-सैंज को खनाग से जलोड़ी तक छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। मशीनरी से जलोड़ी जोत से एक किलोमीटर तक हिमपात हटा दिया है। अगर मौसम साफ रहा तो पांच फरवरी तक मार्ग को बहाल किया जाएगा। हिमपात से बाधित 35 में से 29 सड़कों को लोक निर्माण विभाग ने बहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कुल्लू केके शर्मा ने बताया कि मौसम साफ होते ही मार्ग को बहाल करने का कार्य जारी है। छह सड़कें शुक्रवार तक बहाल कर दी जाएंगी।