News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

MCD Election : एमसीडी चुनाव को लेकर CM अरविंद केजरीवाल कुछ देर में करेंगे पीसी, कर सकते हैं बड़ी घोषणा


नई दिल्ली, । दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज यानी मंगलवार शाम 4 बजे नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election 2022) को लेकर प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी है।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा- “आज शाम 4 बजे प्रेस कांफ्रेंस में एक बड़ी घोषणा करूंगा।”

इससे पहले निगम चुनाव को लेकर आज सीएम केजरीवाल ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया है। इसे लेकर उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “आज चिराग दिल्ली में डोर-टू-डोर प्रचार किया। वहां लोगों से मिला, उनके साथ बैठकर चाय पी, उनसे बात की। दिल्ली की जनता एकदम तैयार बैठी है और एक ही बात बोल रही है कि अब MCD में भी आम आदमी पार्टी चाहिए।”

इससे पहले सोमवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यमुनापार में एक के बाद एक ताबड़तोड़ दस वार्ड में जनसभाएं की। जनसभाओं में वह भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि इस बार निगम में आप की सरकार बनने जा रही है, जनता का अपार समर्थन मिल रहा है।

गोकलपुरी वार्ड में जनसभा में मनीष सिसोदिया ने कहा था कि लोग अपनी खून-पसीने की कमाई व पाइ-पाइ जोड़कर घर बनवाते हैं। जैसे ही निर्माण कार्य शुरू करते हैं, तभी कुछ लेंटर माफिया उगाही करने आ जाते हैं। निगम में केजरीवाल सरकार बनने पर लेंटर डालना लोगों के लिए काफी आसान हो जाएगा।

उन्होंने कहा था कि निगम चुनाव में अब केवल छह दिन बचे हैं। इन छह दिनों में प्रत्येक घर के लोग अपनी तरफ से कुछ घरों का चयन कर लें। उनके घर जाएं और परिवार से आम आदमी पार्टी को बहुमत देने के लिए जागरूक करें। भाजपा या कांग्रेस का पार्षद बना तो अगले पांच साल सिर्फ लड़ाई-झगड़े करेगा। इसलिए अपने काम को सुचारू रूप से कराने के लिए आप की सरकार बनाएं।