Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Mission Gujarat: अरविंद केजरीवाल बोले-गुजरात एक बार मौका दे


अहमदाबाद, । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में 25 साल से भाजपा सत्ता में है, लेकिन भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर सकी। हमने पहले दिल्ली में तथा अब 10 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। गुजरात एक बार मौका दे, पसंद नहीं आए तो फिर हमें भी बदल देना। गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) की तिरंगा यात्रा में शामिल होने अहमदाबाद आए मुख्यमंत्री केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार सुबह साबरमती आश्रम पहुंचकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। शाम को केजरीवाल व मान आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा व रोड शो में पहुंचे। यहां केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। पंजाब में 10 में भ्रष्टाचार पर समाप्त कर दिया, दिल्ली में कोई रिश्वत मांगता है तो कहते हैं केजरीवाल आ जाएगा और पंजाब में कहते हैं भगवंत मान आ जाएगा।

भाजपा को है सत्ता का अहंकार

केजरीवाल ने कहा कि यहां भाजपा को हराने को नहीं आए हैं। गुजरात व गुजरातियों को जिताने के लिए आए हैं। केजरीवाल ने यात्रा से पहले कहा कि गुजरात में 25 साल में भाजपा भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर सकी। भाजपा में सत्ता का अहंकार आ गया है। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति करनी नहीं आती है, भ्रष्टाचार खत्म करना आता है। दिल्ली और पंजाब में अब कोई रिश्वत नहीं मांगता, ऐसा ही गुजरात में भी करना चाहते हैं। एक बार गुजरात में मौका दीजिए, अगर पसंद नहीं आए तो फिर हमें बदल देना। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि केजरीवाल देश के सबसे क्रांतिकारी सीएम हैं, दिल्ली और पंजाब हो गया अब गुजरात की तैयारी है। केजरीवाल व मान रविवार सुबह अहमदाबाद के शाहीबाग स्थित स्वामीनारायण मंदिर में दर्शन करने जाएंगे।