Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP Election Result : ओवैसी की पार्टी ने भाजपा-सपा की कांटे की टक्कर ,मुस्लिम मतों में लगाई सेंध


लखनऊ । उत्तर प्रदेश की अठारहवीं विधानसभा के चुनाव में भाजपा व सपा के बीच कांटे की टक्कर वाली कई सीटों पर असदुद्दीन ओवैसी की इत्तेहादुल मजलिस-ए-मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) ने साइकिल को पंक्चर कर दिया। इन सीटों पर मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगने से सपा की दीवार दरक गई। बिजनौर, नकुड़ , कुर्सी, सुलतानपुर, औराई व शाहगंज की सीटों पर हुआ रण इसी दांव-पेच का गवाह बना, जहां भाजपा करीबी मुकाबले में सपा को पटकनी देने में कामयाब रही।

बिजनौर सीट पर मुकाबला बेहद करीबी और दिलचस्प रहा। यहां भाजपा की शुची 97165 वोट हासिल कर सपा के सहयोगी रालोद (राष्ट्रीय लोक दल) के प्रत्याशी नीरज चौधरी को 1455 मतों से हराने में सफल रहीं। इस सीट पर एआइएमआइएम के उम्मीदवार मुनीर अहमद ने 2290 वोट हासिल कर नीरज चौधरी के लिए जीत का दरवाजा बंद कर दिया। सपा के लिए लामबंद हुए मुस्लिम वोट अगर इस सीट पर एकमुश्त उसके गठबंधन के साथ रहते तो यकीनन तस्वीर दूसरी होती।

नकुड़ में तो भाजपा के मुकेश चौधरी महज 315 वोटों से जीत दर्ज कर सिकंदर बने। यहां एआइएमआइएम के रिजवान को 3593 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। रिजवान चुनावी जंग तो बुरी तरह हार गए, लेकिन भाजपा के लिए जीत की कुंडी खोल गए। बाराबंकी की कुर्सी सीट पर तो सपा को 217 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। साइकिल इस रेस को जीतने ही वाली थी, लेकिन एमआइएमएम के प्रत्याशी अशरफ खान ने 8541 वोट हासिल कर सपा के उम्मीदवार राकेश कुमार वर्मा की जीत की उम्मीदें धराशायी कर दीं।

कुछ यही हाल सुलतानपुर, औराई, शाहगंज व फीरोजाबाद का भी रहा, जहां औवैसी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव का खेल खराब कर दिया। सुलतानपुर में सपा के अनूप संडा भाजपा के विनोद सिंह से चुनाव जीत गए होते अगर एआइएमआइएम के मिर्जा अकरम बेग ने 5251 वोट हासिल कर बीच में लंगड़ी न मारी होती।

औराई में भाजपा के दीनानाथ भाष्कर की जीत का रास्ता एआइएमआइएम प्रत्याशी ने 2190 वोट हासिल कर साफ किया। यहां सपा की अंजनी सरोज को 1647 वोटों से हार झेलनी पड़ी। शाहगंज में भाजपा के साथ गठबंधन करने वाली निषाद पार्टी के रमेश सिंह ने जीत दर्ज की। यहां महज 719 वोटों से हारे सपा के शैलेन्द्र यादव ललई को एआइएमआइएम के नायब अहमद खान ने 8129 मत हासिल कर चित होने को मजबूर कर दिया।

फीरोजाबाद में भाजपा के मनीष असीजा भगवा लहराने में सफल रहे, क्योंकि एआइएमआइएम के बबलू सिंह राठौर ने 18898 और बसपा की शाजिया हसन ने 37643 वोट हासिल कर सपा के सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन भाई की साइकिल पंक्चर कर दी।

  • सीट – भाजपा/गठबंधन – सपा/गठबंधन – जीत का अंतर – एआइएमआइएम
  • औराई : – 93691 – 92044 – 1647 – 2190
  • शाहगंज – 87233 – 86514 – 719 – 8129
  • बिजनौर – 97165 – 95720 – 1445 – 2290
  • नकुड़ -104114 – 103799 – 315 – 3593
  • कुर्सी – 118720 – 118503 – 217 – 8541
  • सुलतानपुर – 92715 – 91706 – 1009 – 5351