Latest News

UP Election Results: सरकारी कर्मचारियों का सरकार को संदेश… ओपीएस मुद्दा है


गोरखपुर, । पुरानी पेंशन (ओपीएस) कितना अहम मुद्दा है, इसका संदेश कर्मचारियों ने वोट के जरिये सरकार तक पहुंचा दिया। उन पोस्टल मतों की गणना में सीएम योगी को छोड़कर भाजपा का कोई प्रत्याशी सपा से आगे नहीं निकल सका, जिसे देने का अधिकार सिर्फ उन सरकारी कर्मचारियों को था, जिनकी डयूटी निर्वाचन कार्य में लगी थी। ईवीएम के वोटों की गिनती में भाजपाइयों ने भले ही विपक्ष को साफ कर दिया हो, लेकिन डाक मतों की गणना में वह पीछे ही रहे। कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि पुरानी पेंशन को लेकर जो सरकार संजीदा नजर आएगी पोस्टल वोटों की गिनती में भी वही आगे रहेगी।

पोस्टल बैलेट से मतदान में सीएम योगी को छोड़कर बाकी आठ सीटों पर भाजपा प्रत्याशी पीछे रहे

भाजपा का राशन, शौचालय और आवास का एजेंडा पूरे विधानसभा चुनाव में इतना सुपरहिट साबित हुआ कि हर जाति-धर्म और वर्ग ने भाजपा की झोली वोटों से भर दी। युवा, महिला, किसान के साथ नौकरीपेशा कर्मचारियों ने भी भगवा गढ़ को मजबूत करने में भागीदारी निभाई, जिसका नतीजा हुआ कि गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर कमल लिखा जो इतिहास में कभी नहीं हुआ था। लेकिन इन्हीं सरकारी कर्मचारियों में शामिल चुनाव या घर से दूर देश की सुरक्षा में डयूटी करने वाले कुछ ऐसे भी कर्मचारी थे, जो पुरानी पेंशन के वादे को लेकर सपा की ओर प्रभावित नजर आए। कर्मचारियों में इसकी चर्चा थी कि डाक मतों में सपा के आगे होने की वजह अखिलेश यादव का महज एक बयान भर रहा, जिसमें उन्होंने पेंशन देने का वादा भर कर दिया था।

गोरखपुर की नौ सीटों पर 12 हजार से अधिक डाक मत पड़े, भाजपा को 4848 सपा को 6454 मिले

कर्मचारियों पर इसका ऐसा असर हुआ कि कुछ सीटों पर भाजपा के मुकाबले सपा के वोटों में दो गुने से अधिक का अंतर नजर आया। मतगणना के परिणामों में बारीकी से नजर डालने पर पता चला कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर शहर सीट को छोड़कर कोई भी सीट ऐसी नहीं थी, जहां भाजपा सपा से आगे निकल सकी हो। बात आंकड़ों की करें तो गोरखपुर की नौ सीटों पर कुल 12912 डाक मत प्राप्त हुए। इसमें इलेक्ट्रानिक माध्यम से आए मत भी शामिल थे। लगभग 13 हजार मतों में से भाजपा को 4848 जबकि सपा को 6454 मिले।

बैलेट वोटिंग…2022

गोरखपुर शहर

कुल डाक मत : 2794

योगी आदित्यनाथ भाजपा 1329

शुभावती शुक्ला सपा 1213

चंद्रशेखर आजाद पार्टी 97

गोरखपुर ग्रामीण

कुल डाक मत : 1661

विपिन सिंह भाजपा 516

विजय बहादुर सपा 1008

दारा सिंह बसपा 94

चौरीचौरा

कुल डाक मत : 1131

सरवन निषाद भाजपा 332

बृजेश चंद्र लाल सपा 563

वीरेन्द्र बसपा 109

सहजनवां

कुल डाक मत : 1306

प्रदीप शुक्ला भाजपा 440

यशपाल रावत सपा 666

सुधीर सिंह बसपा 174

खजनी

कुल डाक मत : 1342

श्रीराम चौहान भाजपा 459

रूपवती बेलदार सपा 629

विद्यासागर बसपा 229

पिपराइच

कुल डाक मत : 829

महेन्द्र पाल भाजपा 316

अमरेन्द्र निषाद सपा 416

दीपक अग्रवाल बसपा 83

कैम्पियरगंज

कुल डाक मत : 1343

फतेह बहादुर भाजपा 527

काजल निषाद सपा 740

चंद्रप्रकाश निषाद बसपा 57

बांसगांव

कुल डाक मत : 1301

विमलेश पासवान भाजपा 494

संजय कुमार सपा 587

राम नयन आजाद बसपा 187

चिल्लूपार

कुल डाक मत : 1205

राजेश त्रिपाठी भाजपा 435

विनय शंकर तिवारी सपा 632

राजेन्द्र सिंह बसपा 202।