News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

National Herald Case : ED दफ्तर में राहुल गांधी से पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन; हिरासत में लिए गए सचिन पायटल Wed, 15 Jun 2022 03:53 PM (IST) |


नई दिल्ली, नेशनल हेराल्ड मामले में लगातार तीसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में पूछताछ चल रही है। हालांकि, राहुल गांधी से ईडी दफ्तर में पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टायर भी जलाए। यहीं नहीं कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया। इससे पहले नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से लगातार दो दिनों तक ईडी दफ्तर में पूछताछ हुई थी। दूसरे दिन ईडी ने राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। वहीं, सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी।

 

  • 03:51 PM, 15 Jun 2022

    सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया

     

    नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया।

     

  • 03:04 PM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस नेताओं की चल रही बैठक

     

    दिल्ली पुलिस के कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश के मुद्दे पर AICC दफ्तर में केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, रणदीप सुरजेवाला और अधीर रंजन चौधरी सहित कांग्रेस नेताओं की बैठक चल रही है।

     

  • 02:16 PM, 15 Jun 2022

    रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप

     

    कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली पुलिस और सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस अब गुंडागर्दी पर उतर आई है, AICC के कार्यालय में घुस कर कार्यकर्ताओं और नेताओं को मारना पीटना संयम की सब हदें पार कर गई है। दिल्ली पुलिस के कठपुतली अधिकारी भी जान लें कि ये याद रखा जाएगा। हम गांधीवादी, शांतिप्रिय और अहिंसक हैं। आप अगर नेमप्लेट उतार कर दफ्तर के दरवाजे तोड़ कर गुंडागर्दी करेंगे तो फिर ये मत समझिए कि कांग्रेस के कार्यकर्ता चुप बैठे रहेंगे। हमें जवाब देना भी आता है।

     

  • 01:23 PM, 15 Jun 2022

    दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

     

    कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें अपने ही पार्टी मुख्यालय जाने से रोका जा रहा है। मेरे सरकारी आवासीय परिसर को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। यह राजनीतिक बदले की ओर इशारा करता है।