Latest News धर्म/आध्यात्म नयी दिल्ली राष्ट्रीय साप्ताहिक

Navratra 2022 : शुक्र बुधादित्य योग में शुरू होंगे नवरात्र, उत्‍तराखंड में इस शुभ मुहूर्त पर करें घट स्‍थापना


देहरादून : Navratra 2022 : माता रानी का पावन नवरात्र का पर्व 26 सितंबर से शुरू हो रहा है। इस वर्ष पूरे नौ दिन नवरात्र रहेंगे। शारदीय नवरात्र 26 सितंबर से 5 अक्तूबर तक रहेंगे। नवरात्र शुक्र बुधादित्य योग में शुरू होंगे। वहीं नवरात्र पर बृहस्पति का केंद्र योग भी बन रहा है।

पहले नवरात्र पर पड़ रहे हैं कई योग

ज्योतिषाचार्य पं. सुशांत राज के मुताबिक आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवरात्र प्रारंभ हो रहे हैं। इस नवरात्र पर मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी और इसी पर विदा होंगी।

बताया कि 26 सितंबर सोमवार को पहले नवरात्र पर कई योग पड़ रहे हैं। जिनमें हस्त नक्षत्र, शुक्ल योग, किंस्तुघ्न करण बेहद शुभ संयोग बना रहे हैं। नवरात्र कन्या राशि के चंद्रमा की साक्षी में रहेंगे।

धार्मिक मान्यता के अनुसार इन योगों के साथ नौ दिनों तक सच्‍चे मन से माता रानी की पूजा अर्चना करने से मुरादें पूरी होती है।

शुक्र के नीचत्व को समाप्‍त कर देगा बुधादित्य योग

ज्योतिष शास्त्र ने अनुसार इस बार शुक्र बुधादित्य योग बन रहा है। यह योग कन्या राशि में बनने जा रहा है जो शुक्र के नीचत्व को समाप्‍त कर देगा। जिसके बाद इस योग में पूजा अर्चना करने से आपकी मनोकामना पूरी होगी। ज्योतिषीय गणना में सूर्य, बुध, शुक्र की युति श्रेष्ठ मानी जाती है। यह जीवन में सुख-संपत्ति और समृद्धि लाती है।

कितने बजे शुरू हो पहला नवरात्र

  • आरंभ – 26 सितंबर 2022, सुबह 03 बजकर 23 मिनट पर
  • समापन – 27 सितम्बर 2022, सुबह 03 बजकर 08 मिनट पर
  • घटस्थापना का सुबह का मुहूर्त : सुबह 06.17 बजे से 07.55 तक तक
  • घटस्थापना का अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:54 बजे से दोपहर 12:42 तक

29 सितंबर को 26 घंटे सर्वार्थ सिद्धि योग

29 सितंबर को मध्य रात्रि में सर्वार्थ सिद्धि योग शुरू होगा। इस योग को साधना के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। सर्वार्थ सिद्धि योग 30 सितंबर को भी रात तक रहेगा।