News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र

NIA के समक्ष पेश हुए परमबीर सिंह, एंटीलिया केस में हो रही पूछताछ


नई दिल्ली। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक एसयूवी पाए जाने के मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुधवार को यहां एनआईए के समक्ष पेश हुए।

अंबानी केस में होगी पूछाताछ
एक अधिकारी ने बताया कि सिंह कार से सुबह करीब साढ़े नौ बजे दक्षिण मुंबई में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के कार्यालय पहुंचे। सिंह को 25 फरवरी को अंबानी के घर के पास से एसयूवी बरामद किए जाने और उसके बाद ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के बाद पिछले महीने मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटा दिया गया था। इस एसयूवी में विस्फोट सामग्री पाई गई थी। सिंह अभी होम गाड्र्स के महानिदेशक पद पर हैं सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने मामले में बयान दर्ज कराने के लिए सिंह को तलब किया था।

केस में अब तक क्या क्या हुआ
एनआईए ने दक्षिण मुंबई में अंबानी के घर के पास यह वाहन खड़ा करने में कथित भूमिका के लिए सहायक पुलिस निरीक्षक सजिन वाजे को पिछले महीने गिरफ्तार किया था। उसने मनसुख हिरेन की हत्या के संबंध में निलंबित पुलिस कांस्टेबल विनायक शिंदे और क्रिकेट सट्टेबाज नरेश गोर को भी गिरफ्तार किया था। हिरेन का शव पांच मार्च को ठाणे के मुंब्रा क्रीक में पाया गया था।