News TOP STORIES उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Parliament Monsoon Session : महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष का जोरदार हंगामा, कल तक स्थगित हुई संसद की कार्यवाही


  1. विपक्षी दलों के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
  2. सदन की दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने विपक्षी दलों ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए।
  3. मानसून सत्र के पहले दिन भी कई मुद्दों पर हंगामा हुआ था। विपक्षी दलों ने जीएसटी वृद्धि और अग्निपथ योजना को लेकर हंगामा किया था।

 संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया। हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को 20 जुलाई की सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विपक्षी दल महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

मंगलवार को जब मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही हुई तो विपक्षी दलों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसद कीमतों में वृद्धि और महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान सांसदों ने नारेबाजी भी की। सांसद अपने साथ तख्तियां लेकर भी आए थे। हंगामे के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित किया गया था।

इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भी संसद के बाहर विपक्ष ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। बता दें कि मानसून सत्र के पहले दिन भी विपक्ष के प्रदर्शन के चलते कार्यवाही को स्थगित किया गया था।

  • 02:23 PM, 19 Jul 2022

    20 जुलाई तक के लिए स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

    मानसून सत्र के दूसरे दिन भी संसद के दोनों सदनों में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

  • 01:17 PM, 19 Jul 2022

    भारतीय नागरिकता छोड़ने वाले नागरिकों की गृह राज्य मंत्री ने दी जानकारी

    लोकसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 2019, 2020, 2021 में भारतीय नागरिकता छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या क्रमशः 144017, 85256 और 163370 है।

  • 01:01 PM, 19 Jul 2022

    लोकसभा में दी गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जानकारी

    गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि त्रिवेंद्रम हवाई अड्डे पर 14.82 करोड़ रुपये मूल्य के लगभग 30 किलोग्राम सोने की जब्ती की केंद्रीय एजेंसियों से जांच के लिए केंद्र को अनुरोध मिला था। मामले की प्रारंभिक जांच में पता चला था कि तस्करी के सोने की आय का उपयोग भारत में आतंकवाद के वित्तपोषण के लिए किया जा सकता है।

  • 12:59 PM, 19 Jul 2022

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर बोले

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि रुपया 80 रुपये को पार कर गया है। मोदी जी ही हैं जिन्होंने 2014 में इसे चुनावी मुद्दा बनाया था, वे आते ही रुपये को मजबूत करने जा रहे थे। क्योंकि यह एक कमजोर सरकार को दर्शाता है।

  • 12:40 PM, 19 Jul 2022

    गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दी जानकारी

    गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में जानकारी दी। उन्होंने प्रमुख आतंकवादी घटनाओं की संख्या, शहीद और घायल सुरक्षा बल के जवानों की संख्या और पिछले दो वर्षों 2020 और 2021 के दौरान आंतरिक और जम्मू-कश्मीर में हुई घटनाओं में जान गंवाने वाले और घायल हुए नागरिकों की लिस्ट जारी की।

  • 12:33 PM, 19 Jul 2022

    केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का बयान

    केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विपक्ष की रुचि किसानों की समस्याओं और आम जनता की समस्याओं की नहीं है, उनकी रुचि राजनीति करके विकास और जन कल्याण को रोकने की है। भाजपा किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है और रहेगी।

  • 12:28 PM, 19 Jul 2022

    21 जुलाई को गुजरात जाएंगे सीएम केजरीवाल

    आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 21 जुलाई को गुजरात के सूरत का दौरा करेंगे। वह उस दिन गुजरात के लोगों के लिए पार्टी की पहली गारंटी की घोषणा करेंगे।

  • 12:24 PM, 19 Jul 2022

    गृह मंत्री अमित शाह करेंगे समीक्षा बैठक

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज संसद पुस्तकालय भवन में केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की समीक्षा बैठक करेंगे।

  • 12:00 PM, 19 Jul 2022

    टीआरएस सांसदों ने किया प्रदर्शन

    महंगाई के मुद्दे पर संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने टीआरएस सांसदों ने प्रदर्शन किया।

    स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

    संसद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी दल विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

  • 11:09 AM, 19 Jul 2022

    कांग्रेस ने किया प्रदर्शन का एलान

    कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कुछ आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि, महंगाई और जीएसटी दर में बढ़ोतरी के विरोध में आज विपक्षी दल एक साथ आए हैं। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे।

  • 11:02 AM, 19 Jul 2022

    मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू

    संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में अभी प्रश्नकाल चल रहा है। प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया।

  • 10:49 AM, 19 Jul 2022

    मंत्रियों से मिलेंगे पीएम मोदी

    संसद के मानसून सत्र को लेकर केंद्र सरकार भी अपनी रणनीति बना रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी आज अपने शीर्ष मंत्रियों से मिलेंगे। इस दौरान संसद में सरकार की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

  • 10:28 AM, 19 Jul 2022

    दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नोटिस

    कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सेना में भर्ती योजना अग्निपथ को लेकर राज्यसभा में व्यावसायिक नोटिस दिया।

  • 10:21 AM, 19 Jul 2022

    संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन

    देश में महंगाई को लेकर विपक्षी दल संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए।

  • 10:07 AM, 19 Jul 2022

    राहुल गांधी लेंगे कार्यवाही मे हिस्सा!

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकते हैं। कांग्रेस महंगाई और जीएसटी वृद्धि को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी में है।

  • 09:37 AM, 19 Jul 2022

    AAP ने की एमएसपी कमेटी पर चर्चा की मांग

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भारत सरकार द्वारा गठित एमएसपी कमेटी पर चर्चा की मांग को लेकर निलंबन का नोटिस दिया।

  • 09:22 AM, 19 Jul 2022

    महंगाई पर चर्चा के लिए नोटिस

    डीएमके के राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में वृद्धि के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमत में वृद्धि के मुद्दे पर नियम 267 के तहत व्यावसायिक नोटिस दिया है।

  • 09:12 AM, 19 Jul 2022

    जीएसटी वृद्धि पर नोटिस

    सीपीआई (एम) के राज्यसभा सांसद एलाराम करीम ने मूल्य वृद्धि और आवश्यक वस्तुओं पर 5% जीएसटी लगाने के मुद्दे पर नियम 267 के तहत व्यावसायिक नोटिस को निलंबित कर दिया है।

  • 09:07 AM, 19 Jul 2022

    NEET परीक्षा की घटना पर चर्चा की मांग

    आरएसपी सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने लोकसभा में कल कोल्लम में हुए NEET परीक्षा के दौरान परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले छात्राओं को इनरवियर हटाने के लिए मजबूर करने की घटना पर स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।

  • 09:00 AM, 19 Jul 2022

    कांग्रेस सांसद ने दिया स्थगन प्रस्ताव नोटिस

    कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कुछ आवश्यक वस्तुओं पर 5 फीसद जीएसटी लगाने के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।

  • 08:56 AM, 19 Jul 2022

    संसद में आज भी हंगामे के आसार

    संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी हंगामा हो सकता है। विपक्षी दलों ने जीएसटी, महंगाई और अग्निपथ स्कीम पर चर्चा की मांग की है।