News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Parliament Session 2023: कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने पीयूष गोयल के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस


नई दिल्ली, । कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पीयूष गोयल ने लोकसभा के एक सदस्य के खिलाफ आरोप लगाकर उच्च सदन के नियमों एवं प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया है।

शक्ति सिंह गोहिल ने नोटिस में क्या कहा

राज्यसभा के सभापति को नियम 188 के तहत अपने नोटिस में शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पीयूष गोयल ने नियम 238 का उल्लंघन किया है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी सदस्य द्वारा सदन के किसी अन्य सदस्य या सदस्य के खिलाफ मानहानि का कोई आरोप नहीं लगाया जाएगा।

पीयूष गोयल ने राज्यसभा में उठाया था मुद्दा

दरअसल, सोमवार को संसद के बजट सत्र का आगाज होते ही राहुल गांधी के बयान को लेकर दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ था। इसी दौरान राज्यसभा में पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता द्वारा विदेश में दिए गए बयान को सदन में उठाया था और कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। इस पर शक्ति सिंह गोहिल ने अपने नोटिस में कहा कि 13 मार्च को गोयल ने दूसरे सदन के सदस्य द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों के संबंध में मामला उठाया है।

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने दिया ये तर्क

कांग्रेस नेता ने तर्क दिया कि यह एक पुरानी परंपरा है कि एक सदन में दूसरे सदन के सदस्य के बारे में उल्लेख नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखना उचित है कि पीयूष गोयल ने बार-बार लोकसभा के माननीय सदस्य के बारे में बात की और उन तथ्यों को बताते रहे जो सच नहीं थे। गोयल ने सच्चाई के बिना लोकसभा के एक सदस्य की आलोचना की।

‘दूसरे सदन के किसी सदस्य के खिलाफ आरोप नहीं लगा सकता कोई’

कांग्रेस सदस्य ने कई उदाहरणों का हवाला दिया, उन्होंने कहा कि पहले भी अध्यक्ष ने कहा था कि कोई भी सदस्य दूसरे सदन के किसी सदस्य के खिलाफ आरोप नहीं लगा सकता है। गोहिल ने तर्क दिया कि राज्यसभा में ऐसे मामले सामने आए हैं, जब संसद सदस्य की अनुपस्थिति में उनके खिलाफ दिए गए सामान्य बयानों का भी संज्ञान लिया गया है।