News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली बिहार राष्ट्रीय लखनऊ

PM Modi ने मन की बात में डिजिटल क्रांति का किया जिक्र, ट्विटर ने की छंटनी; प्रमुख खबरें


नई दिल्ली, । देश और दुनिया में रविवार को कई ऐसी घटनाएं घटी, जिसने सुर्खियां बटोरी। आइए, आज दिन-भर की पांच बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि ई-संजीवनी एप भारत की डिजिटल क्रांति की ताकत को दर्शाता है, जो ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श की सुविधा प्रदान करता है।

वहीं, राहुल गांधी ने कांग्रेस के 85वें राष्‍ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जनकर निशाना साधा।

इधर, पॉपुलर सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी हुई है। हालांकि, कंपनी ने कर्मचारियों की निकासी ले-ऑफ प्रक्रिया के चलते की है। ले-ऑफ की प्रक्रिया बीते साल ही शुरू हो चुकी थी। कंपनी के नए मालिक एलन मस्क ने ट्विटर में कर्मचारियों की छंटनी का एलान किया था।

1. पीएम मोदी ने मन की बात में भारत की डिजिटल क्रांति का किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ई-संजीवनी एप भारत की डिजिटल क्रांति की ताकत को दर्शाता है, जो ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श की सुविधा प्रदान करता है। अपने मासिक ‘मन की बात’ प्रसारण में पीएम मोदी ने कहा कि यह ऐप आम आदमी, मध्यम वर्ग या दूरदराज के इलाकों में रहने वालों के लिए जीवन सुरक्षा ऐप बन रहा है।

2. कांग्रेस अधिवेशन में राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना

कांग्रेस के 85वें राष्‍ट्रीय अधिवेशन का आज तीसरा और आखिरी दिन है। राहुल गांधी ने आखिरी दिन अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान मैं देश के सभी तबके से मिला, भारत जोड़ो यात्रा से मैंने बहुत कुछ सीखा है। वहीं, अधिवेशन का समापन रविवार को दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के साथ होगा।

3. Bihar: गया के फल्गु नदी में बम धमाका, कई घायल

गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फल्गु नदी में रविवार की दोपहर बम डिफ्यूज करने के दौरान बीएमपी के 2 जवान समेत पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बीएमपी के दोनों जवानों की हालत गंभीर है। डाक्टरों ने एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनके दोनों हाथ काटकर हटा दिए हैं। 

4. ट्विटर ने एक बार फिर की कर्मचारियों की छंटनी

पॉपुलर सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी हुई है। हालांकि, कंपनी ने कर्मचारियों की निकासी ले-ऑफ प्रक्रिया के चलते की है। ले-ऑफ की प्रक्रिया बीते साल ही शुरू हो चुकी थी। कंपनी के नए मालिक एलन मस्क ने ट्विटर में कर्मचारियों की छंटनी का एलान किया था। बीते शनिवार को कंपनी ने छंटनी प्रक्रिया के तहत दर्जनों कर्मचारियों को घर भेज दिया है। यह कंपनी में आठवें राउंड की छंटनी रही।

5. Pakistan के बलूचिस्तान में IED ब्लास्ट, चार की मौत

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार सुबह जोरदार धमाका हुआ है। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई है और दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, ये धमाका बरखान शहर के रखनी बाजार इलाके में हुआ है। बरखान के उपायुक्त अब्दुल्ला खोसो ने डॉन अखबार को बताया कि भीड़भाड़ वाले इस इलाके में एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED लगा हुआ था।