News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

PM Modi बोले- वर्ष 2016 की Surgical Strike सेना की उत्तम कुशलता, बेहतर योजना और क्षमता का प्रतीक


PM Modi on LoC प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पड़ोसी देश ने जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने के लिए कई प्रयास किए लेकिन हमारे सुरक्षाबलों ने अपना मनोबल ऊंचा रखा और ऐसे सभी प्रयासाें को मुंहतोड़ जवाब दिया।

राजौरी,: जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी शिविरों पर वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक भारतीय सेना की उत्तम कुशलता, बेहतर योजना और क्षमता का प्रतीक है। “सर्जिकल स्ट्राइक के समय मैं लगातार फोन पर था। मैं यह सुनिश्चित करना चाहता था कि हमले में शामिल प्रत्येक सैनिक सुरक्षित वापस लौट आएं। ऐसा ही हुआ। सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देने वाले सभी सैनिकों ने अपनी यूनिट में सुरक्षित लौटकर मुझे गौरवान्वित महसूस कराया।

बड़े ही गर्व के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बात जवानों के समक्ष कही। जिला राजौरी में नियंत्रण रेखा से सटे नौशहर सेक्टर में सैनिकों के साथ दिवाली पर्व मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री ने नौशहरा ब्रिगेड के जवानों के साथ सर्जिकल स्ट्राइक की यादों को ताजा करते हुए कहा कि इस ब्रिगेड ने उसमें जो अहम भूमिका निभाई वह सभी देशवासियों में गर्व भर देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पड़ोसी देश ने जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने के लिए कई प्रयास किए लेकिन हमारे सुरक्षाबलों ने अपना मनोबल ऊंचा रखा और ऐसे सभी प्रयासाें को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर जहां पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, वहीं सरकार के सामने नए लक्ष्य और नई चुनौतियां हैं। एक समय था जब हमारी सेना पूरी तरह से विदेशी हथियारों पर निर्भर थी। हमारे सैनिक विदेशों से अत्याधुनिक हथियार आने का इंतजार करते थे। इस प्रक्रिया में वर्षों लग जाते थे। खरीद सौदे पर हस्ताक्षर करने वाले सैन्य अधिकारी को इसे प्राप्त करने के लिए अपनी सेवानिवृत्ति तक इंतजार करना पड़ता था परंतु अब समय बदल गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश का 65 प्रतिशत रक्षा बजट देश के भीतर रक्षा उपकरणों के निर्माण पर खर्च किया जा रहा है। आज हम देश के भीतर अर्जुन टैंक और तेजस विमानों का निर्माण कर रहे हैं। भारत में ही स्पेयर पार्ट्स और अन्य उपकरणों सहित 200 से अधिक अत्याधुनिक उपकरण बनाए जा रहे हैं। अब हमने विदेशी हथियारों पर अपनी निर्भरता कम कर दी है।

उन्होंने आगे कहा कि अब से लड़कियां और महिलाएं भी सभी डिफेंस स्कूल, कॉलेज और अकादमियों में प्रवेश पा सकती हैं। सैनिकों की वीरता की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारतीय सेना अन्य देशों की सेनाओं से अलग है। इसका कारण सदियों पुराने रिवाज, परंपरा, कार्य कुशलता और अपनी मातृभूमि के प्रति आपकी प्रतिबद्धता के कारण है। आप अपनी मातृभूमि की पूजा करते हैं और यह किसी अन्य देश में नहीं देखा जाता है। यही बात आपको दूसरों से अलग बनाती है।