News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

PM Narendra Modi Birthday: दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी बोले- हमारी सरकार ने 8 वर्षों में करीब 5 हजार नए ITI बनाए


नई दिल्ली, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 72वां जन्मदिन आज है। पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा समाज सेवा के कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए चीतों को छोड़ा। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं, इसके बाद पीएम मोदी ने श्योपुर में स्वयं सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर स्वयं सहायता समूहों का इतना बड़ा सम्मेलन अपने आप में बहुत विशेष है। मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा पूजा की भी शुभकामनाएं देता हूं। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां उनके संबोधन भी होंगे। 

  • 04:03 PM, 17 Sep 2022

    कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि युवा जब स्किल के साथ सशक्त होकर निकलता है, तो उसके मन में ये विचार भी होता है कि कैसे वो अपना काम शुरू करें। स्वरोजगार की इस भावना को सहयोग देने के लिए, आज आपके पास बिना गारंटी लोन दिलाने वाली मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाओं की ताकत भी है। स्किल डवलपमेंट के साथ ही, युवाओं में सॉफ्ट स्किल्स का होना भी उतना ही जरूरी है। ITI में अब इस पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है

  • 03:44 PM, 17 Sep 2022

    8 वर्षों में देश में करीब-करीब 5 हजार नए ITI’s बनाए गए- पीएम

    पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में पहला ITI 1950 में बना था। इसके बाद के सात दशकों में 10 हजार ITI’s बने। हमारी सरकार के 8 वर्षों में देश में करीब-करीब 5 हजार नए ITI’s बनाए गए हैं। बीते 8 वर्षों में ITI’s में 4 लाख से ज्यादा नई सीटें भी जोड़ी गई हैं।

  • 03:43 PM, 17 Sep 2022

    स्किल डवलपमेंट पर दिया जा रहा जोर- पीएम मोदी

    ITI के कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि बीते 8 वर्षों में देश ने भगवान विश्वकर्मा की प्रेरणा से नई योजनाएं शुरू की हैं, ‘श्रम एव जयते’ की अपनी परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए प्रयास किया है। आज देश एक बार फिर स्किल को सम्मान दे रहा है, स्किल डवलपमेंट पर भी उतना ही जोर दे रहा है।

  • 03:41 PM, 17 Sep 2022

    ITI के कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी

    ITI के कौशल दीक्षांत समारोह को पीएम नरेन्द्र मोदी ने संबोधित किया। पीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार ITI के 9 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया है। 40 लाख से ज्यादा छात्र हमारे साथ वर्चुअल माध्यम से जुड़े हुए हैं। मैं आप सब को कौशल दीक्षांत समारोह की बहुत शुभकामना देता हूं।

  • 03:28 PM, 17 Sep 2022

    PM Modi Birthday:अखिलेश यादव ने दी पीएम मोदी को बधाई

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आज यानी 17 सितंबर को उनके 72वें जन्मदिन पर देश भर के नेताओं के साथ विदेशी नेता तथा राजनायिक बधाई दे रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बधाई का ट्वीट दोपहर में आया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोपहर में एक बजकर 34 मिनट पर पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई का ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

  • 02:42 PM, 17 Sep 2022

    महिला उद्यमियों के लिए काम कर रही हमारी सरकारः पीएम

    श्योपुर में स्वयं सहायता समूहों के एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं पैदा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक जिला, एक उत्पाद के माध्यम से हम हर जिले से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

     

  • 02:30 PM, 17 Sep 2022

    स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का पीएम ने किया निरीक्षण

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज श्योपुर के कराहल में स्वयं सहायता समूहों द्वारा एक प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। पीएम के साथ एमपी के सीएम शिवराज भी रहे।

  • 02:09 PM, 17 Sep 2022

    अब सैनिक स्कूलों में भी दाखिला ले रही हैं बेटियां- पीएम

    पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण उन्हें समाज में भी उतना ही सशक्त करता है। हमारी सरकार ने बेटियों के लिए बंद दरवाजे को खोल दिया है। बेटियां अब सैनिक स्कूलों में भी दाखिला ले रही हैं, पुलिस कमांडो भी बन रही हैं और फौज में भी भर्ती हो रही हैं।

  • 02:04 PM, 17 Sep 2022

    पीएम मोदी बोले- 11 करोड़ से अधिक शौचालय बनवाए

    पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से ही देश, महिलाओं की गरिमा बढ़ाने, महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान में जुटा हुआ है। शौचालय के अभाव में जो दिक्कतें आती थीं, रसोई में लकड़ी के धुएं से जो तकलीफ होती थी, वो आप अच्छी तरह जानती हैं। देश में 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर, 9 करोड़ से ज्यादा उज्जवला के गैस कनेक्शन देकर और करोड़ों परिवारों में नल से जल देकर, आपका जीवन आसान बनाया है।

  • 01:59 PM, 17 Sep 2022

    पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा ये महीना- पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा सितंबर का ये महीना देश में पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। भारत की कोशिशों से संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मोटे अन्नाज के वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है।

  • 01:57 PM, 17 Sep 2022

    कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने आगे कहा कि गांव की अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने, उनके लिए नई संभावनाएं बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट के माध्यम से हम हर जिले के लोकल उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

  • 01:55 PM, 17 Sep 2022

    अभियान से जुड़े ग्रामीण परिवार की एक बहन- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कार्यक्रम में आगे कहा कि पिछले 8 वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने में हमने हर प्रकार से मदद की है। आज पूरे देश में 8 करोड़ से अधिक बहनें इस अभियान से जुड़ी हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक बहन इस अभियान से जुड़े।

  • 01:53 PM, 17 Sep 2022

    पीएम मोदी ने की महिलाओं की तारीफ

    पीएम मोदी ने कहा कि जिस भी सेक्टर में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उस क्षेत्र में उस कार्य में सफलता अपने आप तय हो जाती है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है, जिसको महिलाओं ने नेतृत्व दिया है।

  • 01:49 PM, 17 Sep 2022

    नए भारत में नारी शक्ति का परचम लहरा रहा है- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि पिछली शताब्दी के भारत और इस शताब्दी के नए भारत में एक बहुत बड़ा अंतर हमारी नारी शक्ति के प्रतिनिधित्व के रूप में आया है। आज के नए भारत में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारीशक्ति का परचम लहरा रहा है।

  • 01:46 PM, 17 Sep 2022

    75 साल बाद भारत की धरती पर लौटा चीता- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुझे आज इस बात की भी खुशी है कि भारत की धरती पर अब 75 साल बाद चीता फिर से लौट आया है। अब से कुछ देर पहले मुझे कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ने का सौभाग्य मिला।

  • 01:40 PM, 17 Sep 2022

    72वें जन्मदिन पर बोले पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि मुझे जन्मदिन ज्यादा याद नहीं रहता। नरेन्द्र सिंह तोमर और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने याद दिलाया। जब याद रहता है तो मेरा प्रयास होता है मां के पास जाऊं। मैं यहां आया हूं। हजारों माताओं का आशीर्वाद लेने के लिए। यह दृष्य मेरी मां देखेंगी तो प्रसन्न होंगी।

  • 01:38 PM, 17 Sep 2022

    पीएम मोदी ने दी विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं

    स्वयं सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर स्वयं सहायता समूहों का इतना बड़ा सम्मेलन अपने आप में बहुत विशेष है। मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा पूजा की भी शुभकामनाएं देता हूं।

  • 01:32 PM, 17 Sep 2022

    पीएम मोदी ने किया कार्यक्रम को संबोधित

    मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्वयं सहायता समूहों के कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में भाग लेने वाले लोगों के स्नेह से अभिभूत हूं।

  • 01:07 PM, 17 Sep 2022

    PM Modi Birthday: कभी पंचकूला में किराये के मकान में रहते थे पीएम मोदी

    PM Narendra Modi Birthday 2022: आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। प्रधानमंत्री मोदी सादा जीवन उच्च विचार में विश्वास रखते हैं। उनकी सादगी की बानगी इस बात से पता चलती है कि जब वह पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के प्रभारी थे तब वह चंडीगढ़ के साथ लगते हरियाणा के पंचकूला में साधारण से मकान में किराये पर रहते थे।

  • 1:03 PM, 17 Sep 2022

    केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर बोले

    केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि श्योपुर की जनता को प्रधानमंत्री का इंतजार करते हुए आजादी के 75 साल गुजर गए। वर्षों पहले कहा था अभयारण्य बनाने के लिए गांव खाली करो। ग्रामीणों ने गांव खाली कर दिए। उन्हें इंतजार था मैंने मोदी जी से अनुरोध किया था कि क्षेत्र में चीते आएं उन्होंने कहा कि हम खाली हाथ नहीं जाएंगे। आज सौभाग्य का दिन है। मोदी जी चीते लेकर आए। शिवराज सिंह चौहान ने भी इस क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी।

  • 12:53 PM, 17 Sep 2022

    स्वयं सहायता समूहों के कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी

    मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए।

    मोदी जी के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश को इससे बड़ी सौगात हो नहीं मिल सकती कि चीते नामीबिया से भारत, भारत में भी मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश में भी कूनो पालपुर आ रहे हैं। चीता समाप्त हो गया था, चीता का पुनर्स्थापन करने का करने का काम हो रहा है। यह सदी की वाइल्डलाइफ की सबसे बड़ी घटना है। इससे मध्यप्रदेश तथा विशेष रूप से उस अंचल में टूरिज्म बहुत तेजी से बढ़ेगा। इस क्षेत्र के लिए तो चीता वरदान होंगे।

     

  • 12:38 PM, 17 Sep 2022

    PM Modi Birthday: पीएम मोदी का जन्मदिन आज, क्या ये बातें जानते हैं आप?

    PM Modi Birthday प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज जन्मदिन है। वह इस साल अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। वे आजादी के बाद पैदा होने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। उनके जन्मदिन पर देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

     

  • 12:33 PM, 17 Sep 2022

    आठ चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए चीतों को मध्य प्रदेश में उनके नए घर कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा।