News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

Pokhran: तोपों, टैंकों, लड़ाकू जहाजों की गर्जना से गूंजा पोखरण, PM मोदी बोले- यही तो भारत शक्ति है


पोखरण। : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को तीन सेनाओं के सयुंक्त ‘भारत शक्ति अभ्यास’ देखने के लिए राजस्थान के पोखरण फायरिंग रेंज में पहुंचे। तीनों सेनाओं में स्वदेशी रूप से निर्मित रक्षा उपकरणों की शक्ति का प्रदर्शन किया गया।

 

भारत शक्ति युद्धाभ्यास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जो दृश्य हमने देखा, हमारी तीनों सेनाओं का शौर्य अद्भुत है, आकाश में ये दहाड़, ये जमीन पर युद्ध, चारों ओर गूंजती विजय की पुकार, यह नए भारत की पुकार है।यही पोखरण है, जो भारत की परमाणु शक्ति का साक्षी रहा है, और यहीं पर हम आज स्वदेशीकरण से सशक्तिकरण का दम देख रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘हमारी तोपों, टैंकों, लड़ाकू जहाजों, हेलिकॉप्टर, मिसाइल सिस्सम, ये जो गर्जना आप देख रहे हैं। यही तो भारत शक्ति है। हथियार, और गोला बारुद, संचार उपकरण, सायबर और स्पेस तक हम मेड इन इंडिया की उड़ान का अनुभव कर रहे हैं। यही तो भारत शक्ति है।’

बीते 10 सालों में देश के रक्षा क्षेत्र में आए क्या बदलाव?

पीएम मोदी ने कहा कि बाते 10 वर्षों में हमने देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक के बाद एक बड़े कदम उठाए हैं। हमने नीति-विषयक सुधार किए, रिफॉर्म्स किए, हमने प्राइवेट सेक्टर को इससे जोड़ा, हमने MSME स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया।

बीते 10 वर्षों में भारत ने अपना लड़ाकू हवाई जहाज बनाया है। भारत ने अपना एयरक्राफ्ट कैरियर बनाया है, C295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भारत में बनाए जा रहे हैं। आधुनिक इंजन का निर्माण भी भारत में होने वाला है। आज देश में उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में डिफेंस कॉरीडोर बन रहे हैं। इनमें अब तक 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हुआ है। आज हेलीकॉप्टर बनाने वाली एशिया की सबसे बड़ी फैक्टरी भारत में काम करना शुरू कर चुकी है।

पूरी दुनिया में सुनाई दे रही इसकी गूंज

पोखरण से पीएम मोदी ने कहा कि भारत शक्ति का ये उत्सव शौर्य की भूमि राजस्थान में हो रहा है। लेकिन इसकी गूंज सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की कल्पना, आत्मनिर्भर भारत के बिना संभव नहीं है। भारत को विकसित होना है, तो हमें दूसरों पर अपनी निर्भरता को कम करना ही होगा। इसलिए आज भारत, खाने के तेल से लेकर आधुनिक विमान तक, हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर बल दे रहा है।’

आने वाले है बड़े बदलाव

पीएम मोदी ने बड़े संकेत देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में जब हम दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेंगे, तो भारत का सैन्य सामर्थ्य भी नई बुलंदी पर होगा। भारत को तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने में राजस्थान की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। विकसित राजस्थान, विकसित सेना को भी उतनी ही ताकत देगा।