News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab : होशियारपुर में भाजपा पर बरसे राहुल गांधी,


 जालंधर। Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गत दिवस प्रियंका गांधी की रैली व रोड शो के बाद आज राहुल गांधी होशियारपुर में रैली को संबोधित कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को दो उद्योगपति चला रहे हैं। भाजपा की केंद्र सरकार ने किसानों को सड़क पर आने को मजबूर किया। अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू की नाराजगी को भी कुछ कम करने का प्रयास किया। राहुल ने सिद्धू का नाम लेकर कई मुद्दों पर कहा कि उन्होंने पंजाब को लेकर चिंता जताई।

राहुल गांधी ने कहा कि वह पंजाब के किसानों को बधाई देते हैं, जिनके संघर्ष के कारण केंद्र सरकार को तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। कहा कि अगर यह बिल लागू हो जाते तो पूरे देश के किसानों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता। कांग्रेस नेता ने चन्नी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि कैसे चरणजीत सिंह चन्नी ने तीन महीने में जनहित में कार्य किए। बिजली के दाम कम हुए, पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए। हर वर्ग के लिए काम हुए।

राहुल ने कहा कि पंजाब में आकर गृह मंत्री अमित शाह ने नशे के मुद्दे पर टिप्पणी की। कहा कि जब अकाली भाजपा गठबंधन की सरकार थी तब उन्होंने इसकी बात क्यों नहीं की। कहा कि जब उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में पंजाब में नशे के मुद्दे को उठाया था तब उनका मजाक उड़ाया गया था। तब उन्होंने कहा कि था कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। तब भाजपा नशे का कारोबार करने वालों की रक्षा कर रहे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस को पता है कि पंजाब में नशे की दिक्कत है। इसके लिए चन्नी सरकार ने एक्शन लिया है। राहुल ने कहा कि होशियारपुर कृषि का सेंटर है। कांग्रेस सरकार यहां कलस्टर बनाएगी। यहां फूड पार्क और मशीन टूल्स का कलस्टर बनेगा। राहुल गांधी ने कहा कि केजरीवाल पंजाब आकर दिल्ली माडल की बात कर रहे हैं, लेकिन सच यह है कि वहां कुछ भी नहीं हुआ। दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक की शुरुआत शीला दीक्षित सरकार ने की थी।