News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

Rajasthan : उदयपुर में उमड़ा जन सैलाब, अजमेर में दुकानें बंद; सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या को लेकर राजपूत समुदाय में आक्रोश


जयपुर। राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मौत के बाद मंगलवार को जयपुर में हड़कंप मच गया। शहर में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किए गए।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के आवास पर उनसे मिलने के बहाने पहुंचे तीन बदमाशों ने उनपर 15 से ज्यादा गोलियां चलाई। उनके निधन पर राजपूत समुदाय में जबरदस्त आक्रोश पैदा हो चुका है। घटना के विरोध में राजपूत समाज ने आज राजस्थान बंद का आह्वान किया है।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना (Karni Sena Chief) के अध्यक्ष की हत्या की न्यायिक जांच की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया गया है। मंगलवार को जयपुर के कई इलाकों में राजपूत समुदाय के लोगों ने आक्रोश जाहिर किया है। मेट्रो मास अस्पताल के बाहर लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किए। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को इसी अस्पताल में लाया गया था।

सुखदेव सिंह की हत्या पर वसुंधरा राजे सहित कई नेताओं ने दुख जाहिर की है।

इस घटना से जुड़े सारे अपडेट्स यहां जानें–

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने हाल ही में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मद्देनजर राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हजारों समर्थक उनकी हत्या के विरोध में उदयपुर में जिला कलक्ट्रेट के बाहर इकट्ठा हुए।

सुखदेव सिंह की हत्या के मामले पर डीजीपी उमेश मिश्रा ने एसआईटी का गठन किया। पुलिस ने दो आरोपियों रोहित राठौड़ मकराना और नितिन फौजी की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी पर 5-5 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई। पुलिस ने दोनों की तस्वरें भी साझा की है।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के समर्थकों ने उनकी हत्या के विरोध में भीलवाड़ा में एक ट्रेन रोकी। जयपुर में कल हुई हत्या की घटना के विरोध में राजपूत समाज ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

भोपाल में करणी सेना का विरोध

राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में करणी सेना के सदस्यों ने मध्य प्रदेश के भोपाल में विरोध प्रदर्शन किया।

 हमारा प्रदर्शन नहीं रुकेगा: करणी सेना के अध्यक्ष

जयपुर में करणी सेना के अध्यक्ष सूरज पाल अमू ने कहा, ”मेरे भाई सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का शव यहां अस्पताल में पड़ा है। हम प्रशासन से दोषियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। जब तक हमें न्याय नहीं मिलता, हम शव नहीं  लेंगे।

उन्होंने आगे कहा,”सुरक्षा के लिए गोगामेड़ी का अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया। हमारा प्रदर्शन नहीं रुकेगा। इसके लिए अशोक गहलोत और उनके अधिकारी जिम्मेदार हैं। घटना एक पुलिस स्टेशन के 500 मीटर के भीतर हुई।”

Rajasthan Bandh LIVE Updates: राजपूत समुदाय के सदस्यों ने जलाए टायर

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में उदयपुर के सेवा आसाराम चौक पर राजपूत समुदाय के सदस्यों ने टायर जलाए।

राजस्थान में कानून व्यवस्था के पतन का परिणाम: अर्जुन राम मेघवाल

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा,”यह बेहद निंदनीय बयान है और यह कांग्रेस सरकार के दौरान राजस्थान में कानून व्यवस्था के पतन का परिणाम है। हमारी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़े।”

गोगामेड़ी की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण: वसुंधरा राजे

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रतिक्रिया दी है। वसुंधरा राजे ने एक्स पर लिखा,”राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकी आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति मिले।”

इस घटना के अशोक गहलोत जिम्मेदार:  बालमुकुंद आचार्य

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर बीजेपी नेता बालमुकुंद आचार्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,’इस घटना के लिए अशोक गहलोत जिम्मेदार हैं। इस सरकार में राज्य में माफिया पनपा।’

कल जो हुआ उससे मैं स्तब्ध हूं: दीया कुमारी

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर बीजेपी नेता दीया कुमारी ने ”कल जो हुआ उससे मैं स्तब्ध हूं, मेरे पास शब्द नहीं हैं। ऐसी घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने (सुखदेव सिंह) सुरक्षा मांगी थी और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए थी। यह कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारी थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

मैं परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। लेकिन मैं यह भी कहना चाहूंगा कि ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं जयपुर, राजस्थान में। राजस्थान में गैंगवार के बारे में किसी ने नहीं सुना था। लेकिन कांग्रेस के पांच साल के शासन में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है। ”

अजमेर में दुकानें बंद

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजपूत समुदाय द्वारा राज्यव्यापी बंद के आह्वान के कारण राजस्थान के अजमेर में दुकानें बंद हैं।

: जयपुर में भारी पुलिस बल तैनात

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजपूत समुदाय के संगठनों द्वारा राज्यव्यापी बंद के आह्वान के कारण जयपुर के कुछ हिस्सों में पुलिस तैनात की गई है।

बदमाशों की जल्द होगी गिरफ्तारी: पुलिस

पुलिस आयुक्त बोले, बदमाशों को जल्द पकड़ लेंगे जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसफ ने देर शाम जारी अपने बयान में कहा, पुलिस के पास सभी आरोपियों और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज हैं। दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है। उनको जल्द पकड़ लेंगे।

राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा से रिपोर्ट मांगी है। गोगामेड़ी का सुरक्षाकर्मी अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। बदमाशों को गोगामेड़ी के घर लेकर जाने वाले नवीन शक्तावत की भी मौत हो गई। नवीन की मौत बदमाशों की फायरिग में हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फरार होते समय बदमाशों ने नवीन पर फायरिंग क्यों की।