News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

Rajya Sabha Election : मध्यप्रदेश में भाजपा ने फिर चौंकाया, ‘योगी’ समेत इन चार नए चेहरे पर लगाया दांव


भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव कराए जाने हैं। जिसको लेकर बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग का समय है। वहीं, उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।

 

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए मप्र से चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने महिला प्रत्याशी के रूप में माया नारोलिया (Maya Naroliya) का नाम तय कर सबको चौंका दिया है। वहीं, सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री एल मुरुगन (L Murugan) के अलावा दो और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के अलावा पार्टी ने मध्य प्रदेश से उमेश नाथ महाराज (Umesh Nath Maharaj), और बंसीलाल गुर्जर (Shri Bansilal Gurjar) को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।

MP में खाली हो रही हैं राज्यसभा की पांच सीटें

मध्य प्रदेश से दो अप्रैल को पांच राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं। इन सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होना है। इसके लिए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है।

कौन हैं भाजपा की महिला उम्मीदवार माया नारोलिया

माया नारोलिया नर्मदापुरम की रहने वाली हैं और फिलहाल भाजपा संगठन में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। इससे पहले वह नर्मदापुरम में नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। राज्यसभा के लिए उनकी उम्मीदवारी घोषित कर भाजपा ने प्रदेश की आधी आबादी को भी बड़ा संदेश देने का काम किया है।

बंसीलाल गुर्जर को भाजपा ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

मंदसौर से सटे ग्राम लालघाटी के मूल निवासी बंसीलाल गुर्जर को भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। गुर्जर अभी भाजपा भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हुडको डायरेक्टर हैं। 60 वर्षीय गुर्जर वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। वे भाजपा के जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश महामंत्री, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा किसान मोर्चा में ही लंबे समय से काम कर रहे हैं। पार्टी के आदेश पर गुर्जर मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात सहित अन्य प्रदेशों में लगातार चुनाव से लेकर संगठन के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहें हैं।

राज्यसभा के उम्मीदवार घोषित हुए उज्जैन के संत

उज्जैन के वाल्मीकि धाम आश्रम के प्रमुख पीठाधीश्वर बालयोगी उमेशनाथ महाराज को भाजपा ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। एक संत को राज्यसभा भेजे जाने पर उज्जैन के संत समुदाय ने हर्ष व्यक्त किया है।  संत सोहनदास महाराज के शिष्य उमेशनाथ महाराज ने शिप्रा किनारे वाल्मीकि आश्रम का निर्माण किया। बताया जाता है कि संत उमेशनाथ महाराज को उनकी माता ने बाल्यावस्था में ही आध्यात्म के मार्ग पर समर्पित कर दिया था।