Latest News झारखंड रांची

Ranchi Nuisance: वाह री रांची पुलिस…उपद्रवियों को पकड़ने की जगह सड़क पर गिन रही ईंट-पत्थर


रांची,। एक लाल पत्थर…एक ईंट, कांच के टुकड़े… आदि.. आदि। रांची पुलिस भी कमाल का काम कर रही है। मेन रोड में उपद्रव के 12 दिन गुजर गए हैं। लेकिन सभी उपद्रवियों तक उसके हाथ नहीं पहुंच सके हैं। मामले में गिरफ्तारी के लिए अब कवायद करना भी छोड़ चुकी है। लेकिन अपनी सक्रियता दिखाने के लिए बवाल स्थल पर पड़े ईंट- पत्थरों को उठाकर उसकी गिनती करने में व्यस्त है। कुल मिलाकर उसकी गिनती हजार में पहुंच चुकी है। 10 जून को जुमे की नमाज के बाद मेन रोड में उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा था। प्रदर्शन की शक्ल में निकले उपद्रवियों ने रोकनी गई पुलिस पर पत्थर बरसाए थे। कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जख्मी हुए थे। फायरिंग भी की गई थी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। कई घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।

सड़कों पर बिखरे सामान की बनाई जा रही सूची

उपद्रवियों को पकड़ने से ज्यादा पुलिस का ध्यान घटना के दिन सड़कों पर बिखरे पड़े सामान उठाने, उसकी सूची तैयार करने में है। उपद्रव मामले पुलिस ने अभी तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। लेकिन अब गिरफ्तारी बंद हो गई है। पुलिस से इस मामले में जानकारी लेने पर यही कहा जा रहा है कि अनुसंधान जारी है। जबकि वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दर्जनों उपद्रवियों की पहचान भी हो चुकी है। थानेदारों का कहना है कि वरीय अधिकारियों के आदेश पर पूरे मामले की जांच चल रही है। रांची पुलिस द्वारा उपद्रवियों का पोस्टर जारी हुआ था, लेकिन वह अभी तक नहीं लग पाया। पुलिस ने जिन उपद्रवियों की पहचान की है और जिसकी गिरफ्तारी की है, वह पहले भी जेल जा चुके हैं।