Latest News झारखंड रांची राष्ट्रीय

RSS के 100 साल: मोहन भागवत और होसबाले देश के सभी प्रांतों का करेंगे दौरा


रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्‍थापना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। संघ अपने शताब्दी वर्ष 2025 तक देश के सभी मंडलों में शाखा प्रारंभ करने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है। इसके लिए संघ के सभी अधिकारियों का लगातार प्रवास हो रहा है। सरसंघचालक डाक्टर मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का भी प्रवास देश के सभी प्रांतों में जारी है।

इसी योजना के तहत संघ प्रमुख मोहन भागवत ओडिशा के राउरकेला विभाग की बैठक में शामिल होने के लिए 14 जनवरी की रात राउरकेला पहुंचेंगे। वहां 15 से 17 जनवरी तक आयोजित बैठक में भाग लेंगे। तीन दिनों तक संघ के पदाधिकारियों के साथ शाखा विस्तार पर मंथन करेंगे। उसके बाद कोलकाता के लिए रवाना होंगे, जहां 23 जनवरी तक होने वाली दक्षिण बंग प्रांत की बैठक में उपस्थित रहेंगे।

मंडल स्तर के कार्यकर्ता होंगे शामिल

राउरकेला के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सेक्टर 6 में आयोजित तीन दिवसीय बैठक में राउरकेला विभाग के अंतर्गत राउरकेला, सुंदरगढ़ ओर झारसुगुडा जिले के कार्यकर्ता, पश्चिमी ओडिशा प्रांत के अंतर्गत आने वाले सभी पांच विभागों के विभाग प्रचारक, विभाग कार्यवाह और प्रांत की कार्यकारिणी के सभी सदस्य भाग लेंगे।

पहले दिन 15 जनवरी को तीनों जिले के प्रत्येक मंडल से दो-दो कार्यकर्ता भाग लेंगे। 16 जनवरी को उस प्रांत के सभी विभाग प्रचारक और कार्यवाह भाग लेंगे। वहीं 17 जनवरी मंगलवार को प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह सहित प्रांत कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल होंगे। सभी बैठकों में प्रांत संघचालक, प्रांत प्रचारक और प्रा़ंत कार्यवाह उपस्थित रहेंगे। क्षेत्र के अधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक में शाखा विस्‍तार के मुद्दे पर चर्चा

आरएसएस ने कार्य की दृष्टि से ओडिशा को पूर्वी ओडिशा और पश्चिमी ओडिशा प्रांत में विभाजित कर रखा है। पूर्वी ओडिशा का मुख्यालय भुवनेश्वर और पश्चिमी ओडिशा का संबलपुर है। पश्चिमी ओडिशा के प्रांत प्रचार प्रमुख महेश्वर बेहरा ने कहा कि यह बैठक मुख्य रूप से शाखा विस्तार को लेकर के है। मंडल स्तर तक शाखा कैसे शुरू किया जाए, तीनों दिन इसी विषय पर मंथन होगा। शाखा विस्तार के लिए स्वयंसेवकों से समय देने का भी आग्रह किया गया है।