Latest News अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन से बड़ी संख्या में पलायन, 10 लाख से ज्यादा लोगों ने छोड़ा देश


जेनेवा, । रूस लगातार यूक्रेन पर हमला कर रहा है। राजधानी कीव और खारकीव के अलावा रूस की मिसाइलें कई शहरों को अपना निशाना बना रही हैं। इन हमलों में यूक्रेन के कई नागरिकों की जान भी चली गई है। रूस के हमलों के चलते यूक्रेन के लाखों लोग अपना देश छोड़कर चले गए हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) ने ये दावा किया है।

यूएन ने गुरुवार को कहा कि बीते एक हफ्ते में 10 लाख से अधिक शरणार्थी देश छोड़कर भागे हैं। यूएनएचसीआर के उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि सिर्फ सात दिनों में 10 लाख से ज्यादा लोग यूक्रेन से पड़ोसी देशों में पलायन कर चुके हैं। यूक्रेन के अंदर, लाखों लोगों के लिए बंदूकों के शांत रहने का समय आ गया है, जिससे मानवीय सहायता दी जा सके।

रोमानिया में 139,000 लोगों ने ली शरण

यूक्रेन के 1 लाख 39 हजार लोगों ने रोमानिया में शरण ली है। गुरुवार को रोमानिया की सीमा पुलिस ने आंकड़ें जारी किए हैं। पुलिस ने बताया कि रूस के हमले के बाद 1 लाख 39 हजार लोग रोमानिया आ चुके हैं। शरणार्थियों ने यूक्रेन के साथ लगे चार बार्डर चेक प्वाइंट के जरिए रोमानिया में प्रवेश किया है।

रूस व यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता आज

रूस व यूक्रेन के बीच बेलारूस बार्डर पर आज दूसरे दौर की वार्ता होगी। यूक्रेन से इस वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल रवाना हो चुका है, लेकिन रूस के विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा ने कहा कि अल्टीमेटम स्वीकार नहीं करेंगे। बता दें कि रूस ने 24 मार्च को यूक्रेन पर हमला बोला था।