News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia-Ukraine War: चर्नोबिल न्‍यूक्लियर प्‍लांट साइट पर बढ़ा रेडिएशन,


कीव, । यूक्रेन पर रूस के हमले का आज दूसरा दिन है। आज रूस की तरफ से हमलों की इंटेसिटी काफी बढ़ गई है। सुबह से यूक्रेन की राजधानी कीव में 7 बड़े धमाके सुने गए हैं। शहर में एक के बाद मिसाइलों से हमले हो रहे हैं। लोग घरों में दुबके हुए हैं। इस बीच चर्नोबिल न्‍यूक्लियर प्‍लांट में रेडिएशन बढ़ गया है। रायटर्स ने बताया है कि यूक्रेन की न्‍यूक्लियर एजेंसी के मुताबिक उन्‍होंने इसकी साइट पर रेडिएशन लेवल बढ़ते पाया है।

शुक्रवार सुबह ही यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि वे कीव में हैं और वहां रूसी सेना दाखिल हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन रूसियों का पहला टारगेट वही हैं और दूसरा टारगेट उनका परिवार है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया है। इसके लिए यूक्रेन सरकार ने 18 से 60 साल के यूक्रेनी पुरुषों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूक्रेन ने अपने 10 हजार नागरिकों को मुकाबले के लिए राइफलें दी हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने यूक्रेन में रूस के साथ शुरू हुए जंग में पहले दिन 137 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की और यह भी बताया कि राजधानी कीव से कुछ ही दूर पर स्थित चेर्नोबिल न्यूक्लियर साइट भी अब मास्को के नियंत्रण में चला गया है।

रेडिएशन को रिकॉर्ड कर रही यूक्रेन की परमाणु एजेंसी

यूक्रेन की परमाणु एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि वह निष्क्रिय चर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र की साइट से बढ़े हुए रेडिएशन स्तर को रिकॉर्ड कर रही है। अप्रैल, 1986 को चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में दुनिया की सबसे भीषण परमाणु दुर्घटना हुई थी। इसमें विस्फोट के बाद पूरे यूरोप में रेडिएशन हुआ था। यह संयंत्र देश की राजधानी कीव के उत्तर में 130 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिस रिएक्टर में विस्फोट हुआ था, उसमें से विकिरण रिसाव रोकने के लिए उसे एक सुरक्षात्मक उपकरण से कवर किया गया है और पूरे संयंत्र को निष्क्रिय कर दिया गया है।

रुसी सेना को रोकने के लिए यूक्रेनी सेना ने अपने ही 3 पुल उड़ाए

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी में दाखिल हो गई है। रूसी टैंक यहां से सिर्फ 32 किमी दूर हैं। इन्हें रोकने के लिए यूक्रेनी सेना ने तीन पुल उड़ा दिए हैं। जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि अगले 96 घंटे, यानी 4 दिन में कीव पर रूस का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जंग के खिलाफ प्रदर्शन करें।

कीव के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट में लड़ाई जारी

न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक कीव शहर के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट में लड़ाई शुरू हो चुकी है। खुद जेलेंस्की बता चुके हैं कि रूस के उपद्रवी कीव में घुस चुके हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि आज रात तक रूसी सेना कीव में घुस सकती है।

कीव के बाहर रूसी सेना से लड़ाई जारी : यूक्रेनी सेना

यूक्रेन की सेना ने कहा है कि राजधानी कीव के बाहर रूसी सेना के साथ लड़ाई जारी है। कुछ देर पहले यूक्रेन रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि रूसी सेना राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में शुक्रवार देर रात घुस सकती है। उप रक्षा मंत्री हन्ना मलयार ने कहा कि यूक्रेनी सेना की यूनिट्स चार मोर्चों पर रक्षा के लिए तैनात हैं।

यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंची रुसी सेना, आम नागरिकों को बना रही निशाना

रुस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंच गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि हमलावर रूसी सेना नागरिकों को निशाना बना रही है। रुस की सेना अपनी ‘वीरता’ के लिए अपने देशवासियों की प्रशंसा कर रही है। वे कहते हैं कि नागरिक वस्तुएं उनके लिए लक्ष्य नहीं हैं। लेकिन यह एक और झूठ है।

रूस के हमलों के बीच यूक्रेन में तबाही

रूस के हमलों के बीच यूक्रेन में तबाही मची हुई है। ताजा अपडेट के मुताबिक, रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव तक पहुंच गई है। इससे पहले आज कीव पर छह बार मिसाइल अटैक हुआ था। वहीं कीव के पास यूक्रेन की सेना ने एक पुल को उड़ा दिया है। ऐसा रूस की सेना को वहां घुसने से रोकने के लिए किया गया है। हालांकि, रूस की कुछ सेना पहले ही कीव में घुस चुकी है। यह जानकारी खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दी है। यूक्रेन के कीव शहर में आज रूसी सेना ने छह बार मिसाइल अटैक किया। इसमें से एक रूसी विमान को यूक्रेन की सेना ने मार गिराया था। यह कीव की एक रिहायशी बिल्डिंग पर आकर क्रैश हुआ था। इसकी वजह से वहां आग लग गई थी।

यूक्रेनी सेना ने रुस के विमान को मार गिराया

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक यूक्रेनी सेना ने शुक्रवार तड़के कीव के ऊपर एक दुश्मन के विमान को मार गिराया, जो फिर एक आवासीय भवन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।

रूस में भी शुरू हुआ पुतिन के खिलाफ विरोध

यूक्रेन पर हमला के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दुनिया के साथ घरेलू नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस के दर्जनों शहर में प्रदर्शनकारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद 1700 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वर्ल्ड बैंक यूक्रेन को आर्थिक मदद देने को तैयार हो गया है।

यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी बॉर्डर पोस्ट पर गिरी रूसी मिसाइल

यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी बॉर्डर पोस्ट पर रूसी मिसाइल आकर गिरी है. इसमें वहां मौजूद सैनिकों को नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन के गृह मंत्री एंटोन जर्सेंको ने बताया है कि कीव में सुबह से कुल छह धमाके हो चुके हैं। उनके मुताबिक, ये धमाके क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से किए गए। आगे कहा गया है कि कार्रवाई करते हुए रूस का एक विमान भी गिराया गया है। कीव में हालात आज सुबह से ही बिगड़े हुए हैं। वहां दो धमाके सुनाई दिए हैं। इसके साथ-साथ यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्होंने दो रूसी एयरक्राफ्ट को वहां मार गिराया गया है।

नाटो सदस्यों संग मीटिंग करेंगे बाइडन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन कुछ देर में नाटो सदस्यों संग वर्चुअल मीटिंग करेंगे। बता दें कि इससे पहले बाइडन ने अपने संबोधन में कहा था कि यूक्रेन को अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी और अमेरिका वहां अपनी सेना नहीं भेजेगा। अमेरिका ने कहा था कि उसके प्रतिबंध रूस को वैश्विक वित्तीय प्रणाली से अलग कर देंगे। यूरोपियन यूनियन ने रूस पर नए प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया है। इसका असर बैंकिंग सेक्टर, राज्य के स्वामित्व वाली कंपनियां, ऑयल रिफाइनिंग इंडस्ट्री और प्रौद्योगिकी निर्यात पर 70 फीसद तक पड़ेगा। रूस के डिप्लोमेट और बिजनेसमैन को अब ईयू वीजा नहीं मिलेगा।

सुबह तेज धमाकों से दहली यूक्रेन की राजधानी कीव

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक यूक्रेन की राजधानी कीव सुबह-सुबह तेज धमाकों से दहल गई है। कीव में शुक्रवार सुबह दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको ने टेलीग्राम पर कहा कि कीव पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले अभी फिर से शुरू हुए हैं। मैंने दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी। इसके अलावा यूक्रेन के शहर कोनोटोप को भी रूसी सैनिकों ने घेर लिया है। इसके अलावा बाकी फोर्स कीव की तरफ बढ़ रही है। वहीं यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस को काफी नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन की रक्षा मंत्री हन्ना मालयार के मुताबिक, रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक को नष्ट किया गया है।