News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia Ukraine War : देश छोड़कर पोलैंड भागे 1 लाख यूक्रेनी नागरिक, जेलेंस्की ने फिर लोगों से की लड़ने की अपील


कीव, : यूक्रेन पर रूसी सेना युद्ध के तीसरे दिन एक बार फिर अपना आक्रमण तेज किए हुए है। वहीं यूक्रेन में हो रही बमबारी के बीच वहां के लोग काफी डर गए हैं। रिपोर्ट की मानें तो 1,00,000 यूक्रेनियन पोलैंड में सीमा पार कर चुके हैं। इधर यूक्रेन को इस भीषण युद्ध में फ्रांस का साथ मिला है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रान के साथ फोन पर बात की जिसके बाद उन्होंने यूक्रेन का साथ देने का भरोसा दिया है। राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने ट्वीट कर कहा कि, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ बात हुई है, हमारे सहयोगियों से हथियार और उपकरण यूक्रेन के रास्ते में हैं। युद्ध विरोधी गठबंधन अब काम कर रहा है। दूसरी ओर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक कार्यक्रम में चेताते हुए कहा कि, यह युद्ध अभी आगे चलेगा, यह संकट रहेगा और इसके साथ आने वाले सभी संकटों के स्थायी परिणाम होंगे।

जेलेंस्की ने फिर लोगों से की लड़ने की अपील

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने कहा कि वे कीव और शहर के प्रमुख बिंदुओं को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग भी इस लड़ाई में मदद करना चाहते हैं, वे उन्हें हथियार उपलब्ध कराएंगे।

रूस ने यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर पर किया कब्जे का दावा, ब्रिटिश मंत्री ने नकारा  

कीव में रूस ने फिर दागी दो मिसाइलें

रायटर्स के अनुसार रूस ने कीव में दो मिसाइलें दागी हैं जिसमें से एक ज़ुल्यानी हवाई अड्डे के पास और दूसरी आवासीय भवन में जाकर लगी है। दूसरी ओर रूस द्वारा कीव के विक्ट्री एवेन्यू पर सैन्य इकाइयों को निशाना बनाने की खबर सामने आई है। हालांकि रूस ने इस हमले को खारिज कर दिया था लेकिन न्यूज एजेंसी एएफपी ने इसकी पुख्ता जानकारी दी है और यूक्रेन की सेना ने भी अब अपने सत्यापित फेसबुक पेज पर इसकी पुष्टि कर दी है।

जर्मनी, पोलैंड और अन्य यूरोपीय देशों ने सैन्य कार्रवाई की निंदा की

यूक्रेन के हालात पर भारत में जर्मनी के राजदूत वाल्टर जे लिंडनर ने पुतिन द्वारा छेड़े गए युद्ध की निंदी की है। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है और साथ ही ये चेतावनी दी कि वह आर्थिक प्रतिबंधों के साथ प्रतिक्रिया देंगे। लिंडनर ने कहा कि हम दूसरे देश पर कब्जे की अनुमति नहीं दे सकते। वहीं भारत में पोलैंड के राजदूत, एडम बुराकोव्स्की ने कहा कि पोलैंड और अन्य यूरोपीय संघ के देश भी रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले की निंदा करते हैं।उन्होंने कहा कि रूस की आक्रामक कार्रवाई ने हमारे नागरिकों के लिए भी एक बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। साथ ही बुराकोव्स्की ने भरोसा दिया कि जो भारतीय यूक्रेन में रूसी आक्रमण से बच गए हैं, हम उन्हें पोलैंड में लाने में मदद कर रहे हैं।