News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Russia Ukraine War :भारतीय दूतावास का निर्देश- आज ही यूक्रेन की राजधानी कीव छोड़ें भारतीय नागरिक


मास्को, : , यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य कार्रवाई मंगलवार को छठे दिन भी जारी है। रूस और यूक्रेन के बीच हालात को हल करने के लिए डिप्लोमैटिक कोशिशें भी की जा रही हैं। यूक्रेन संकट पर यूनाइटेड नेशन ह्यूमन राइट्स काउंसिल (UNHRC) ने अपात बैठक बुलाने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव के पक्ष में 29 और विपक्ष में 5 वोट पड़े। भारत समेत 13 देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया। UNHRC में कुल 47 सदस्य हैं। हालांकि, रूस के हमले में 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत की खबर सामने आई है। साथ ही यूक्रेन के हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति को यूक्रेन सहित विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी दी है।

भारतीयों की मदद के लिए बुडापेस्ट पहुंचने वाले हैं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार आपरेशन गंगा चला रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी भारतीयों की मदद करने के लिए हंगरी के बुडापेस्ट पहुंचने वाले हैं।

दूतावास ने भारतीय नागरिकों को कीव छोड़ने को कहा

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागिरकों को आज ही तत्काल कीव छोड़ने को कहा है। आदेश में कहा गया है कि सभी भारतीय आज ही यूक्रेन की राजधानी को छोड़ दें। वे कीव से निकलने के लिए ट्रेन, बस या किसी भी चीज का सहारा लें।

स्पाइसजेट की विशेष उड़ान स्लोवाकिया के लिए संचालित होगी

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए स्पाइसजेट की विशेष उड़ान आज कोसिसे, स्लोवाकिया के लिए संचालित होगी। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू भारतीयों की घर वापसी की निगरानी के लिए भारत सरकार के विशेष दूत के रूप में कोसिसे की यात्रा पर हैं।

पीएम मोदी ने की वायु सेना से अपील

सूत्रों के मुताबिक, आपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय को सुरक्षित घर वापस लाने के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी ने भारतीय वायु सेना को इस अभियान में जुड़ने का आग्रह किया है।

भारतीयों को घर वापस लाएगी भारतीय वायु सेना

आपरेशन गंगा में भारतीय वायु सेना मदद करेगी। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय वायु सेना आज से आपरेशन गंगा के तहत कई सी-17 विमान तैनात कर सकती है। भारतीय वायुसेना यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने में मदद करेगा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले प्रधानमंत्री मोदी- सूत्र

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति को यूक्रेन सहित विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी दी।

यूक्रेन के 70 सैनिकों की मौत

रूस के हमले में 70 से ज्यादा यूक्रेनी सैनिकों की मौत हुई है। रूसी तोपखाने द्वारा खार्किव और कीव के बीच स्थित ओखतिर्का में एक सैन्य अड्डे पर हमला किया गया। जिसमें 70 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं।

सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा

मैक्सार टेक्नोलाजी की तरफ से जारी की गई सैटेलाइट तस्वीरों में पता चला है कि रूस की बड़ी सेना कीव की ओर लगातार बढ़ रही है। इन तस्वीरों में खुलासा हुआ है कि रूसी सेना का काफिला अब 64 किमी लंबा हो गया है।

अमेरिका ने लिया रूसी डिप्लोमेट्स के खिलाफ बड़ा एक्शन

संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजनयिक मिशन के 12 सदस्यों को संयुक्त राज्य अमेरिका ने निष्कासित कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेंजिया ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस बात की जानकारी दी है।

बुडापेस्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई आठवीं फ्लाइट

आपरेशन गंगा के तहत भारतीय छात्रों को लेकर आठवीं फ्लाइट बुडापेस्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। भारतीय छात्रों ने बताया कि हम यूक्रेन से हंगरी निकालने के लिए भारतीय दूतावास और सरकार को धन्यवाद देना चाहते हैं। वे हमें सुरक्षित घर वापस लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।