News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia Ukraine War : यूक्रेन पर रूस की एयरस्ट्राइक जारी, हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत


कीव, रूस और यूक्रेन (Russia Ukraine War) के बीच जंग ने अब भीषण रूप ले लिया है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को हवाई हमले के जरिए निशाना बना रहा है। जंग के 19वें दिन तक यूक्रेन के कई शहर रूसी हमले में तबाह हो गए हैं। वहीं, इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध पर चर्चा करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। उन्होंने हाल की राजनयिक गतिविधियों की समीक्षा की और रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराने और यूक्रेन की सरकार और लोगों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उधर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को नाटो से अपने देश को नो-फ्लाई जोन घोषित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मैं दोहराता हूं कि यदि आप हमारे आकाश को बंद नहीं करते हैं, तो यह रूसी मिसाइलें आपके क्षेत्र में, नाटो क्षेत्र पर और नाटो नागरिकों के घरों पर गिरेंगी।

रूस की एयरस्ट्राइक में एक व्यक्ति की मौत

रूसी सेना लगातार यूक्रेन पर हमले कर रही है। इसी बीच रूस की ओर से मायकोलाइव ओब्लास्ट के स्निहुरिवका शहर पर हवाई हमले किए गए। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि पांच घरों को नुकसान हुआ है।

रूस में इंस्टाग्राम पर लगा प्रतिबंध

यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने इंस्टाग्राम पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रूस में आज से इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।