News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Russia Ukraine War: यूक्रेन में भारतीय दूतावास की अपने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील


नई दिल्ली, : रूस और यूक्रेन के बीच चले आ रहे तनाव ने अब युद्ध का रूप ले लिया है। इस बीच यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने आग्रह करते हुए कहा है कि आप जहां कहीं भी हों सुरक्षित रहें। दरअसल यूक्रेन ने नागरिक विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। जिसके चलते वहां से भारतीय नागरिकों की निकासी में मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

दूतावास से जारी बयान में कहा गया है कि वो नागरिकों की निकासी के लिए वैकल्पिक इंतजाम कर रहे हैं। जैसे ही इस संबंध में कोई पुख्ता इंतजामों को अंतिम रूप दिया जाएगा, दूतावास इसके बारे में जानकारी उपलब्ध करा देगा। ताकि भारतीय नागरिकों को देश के पश्चिमी हिस्से में स्थानांतरित किया जा सके। दूतावास से जारी की गई एक एडवाइजरी में निर्देश दिए गए हैं कि जो भी व्यक्ति कीव की यात्रा करने वाले हैं उनसे आग्रह है कि वो अपने-अपने शहर वापस लौट जाएं। यूक्रेन में वर्तमान स्थिति अत्यधिक अनिश्चित है।

नई दिल्ली स्थित आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक भारत यूक्रेन में अपने नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों की सहायता के लिए वैकल्पिक तरीकों पर विचार कर रहा है। बताया जा रहा है कि भारत यूक्रेन में तेजी से बदलती स्थिति और उस देश में भारतीयों की सहायता करने के तरीकों पर बारीकी से विचार कर रहा है।