Latest News अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Russia US Conflict: चीन पर बढ़ते दबाव के बीच रूस ने यूक्रेन युद्ध तेज करने की दी चेतावनी


कीव, चीन पर बढ़ते अमेरिकी दबाव के बीच रूस ने यूक्रेन युद्ध और तेज करने की चेतावनी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से यूक्रेन पर रूसी हमले की निंदा करने की अपील की। इस दौरान ब्लिंकन ने पत्रकारों को कहा कि उन्होंने रूस से बढ़ती नजदीकी को लेकर अपने चीनी समकक्ष वांग यी के समक्ष चिंता प्रकट की है।

समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों नेताओं ने इंडोनेशिया में जी-20 की बैठक से इतर पांच घंटे तक बातचीत की थी। इस दौरान ब्लिंकन ने चीन को पश्चिमी देशों के साथ आने को कहा था। रूस के सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को ‘उन्मादी आलोचना’ का आरोप लगाते हुए बैठक छोड़ दी थी। यूक्रेन पर हमले के ठीक बाद चीन ने रूस के साथ मजबूत व असीमित साझेदारी का एलान किया था।

पूर्वी यूक्रेन में अपार्टमेंट पर रूसी हमले में 15 की मौत

पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क क्षेत्र में स्थित चैसिव यार शहर के पांच मंजिला भवन पर रविवार को रूस की तरफ से किए गए राकेट हमले में 15 लोग मारे गए, जबकि 20 लोग उसके मलबे में फंस गए। क्षेत्रीय आपात सेवा ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है। देश के कई मोर्चे पर यूक्रेनी सैनिक रूसी सेना को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। लुहांस्क प्रांत के गवर्नर शेरी हैदाई ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि यूक्रेनी सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई के जरिये रूसी सेना को रुकने के लिए मजबूर कर दिया है।