Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Shimla : राजीव शुक्ल से मिलीं प्रतिभा, नए मंत्री बनाने पर रखा संगठन का पक्ष


शिमला, । दिल्ली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव शुक्ल से मुलाकात कर उन्हें संगठनात्मक फीडबैक दिया। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान व राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जो 19 को हिमाचल पहुंच रही है, उसकी तैयारियों पर बात की।

बताया जा रहा है कि प्रतिभा ने मंत्रिमंडल में जिन जिलों को उचित स्थान नहीं मिल है उनका पक्ष भी रखा। मंत्रिमंडल में अभी तीन पद खाली हैं। प्रदेश में जल्द मंत्रिमंडल के दूसरे चरण का विस्तार होने जा रहा है। सबसे बड़े कांगड़ा जिले को अभी एक ही मंत्री मिला है, जबकि बिलासपुर, मंडी व लाहुल-स्पीति को कोई पद नहीं मिला है। प्रतिभा ने इसको लेकर संगठन का पक्ष रखा। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मौजूद रहे।

प्रतिभा ने दिल्ली में पत्रकारों से की बातचीत

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में किसे मंत्री पद मिलेगा, यह आलाकमान व मुख्यमंत्री तय करेंगे। उन्होंने संगठन का पक्ष आलाकमान के समक्ष रखा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र से ज्यादा मंत्री बनाए जाने पर कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इसलिए शिमला से ज्यादा मंत्री बने हैं।

सुधीर शर्मा की चर्चा थी, मगर सुक्खू कैबिनेट में शामिल नहीं

कांगड़ा जिला से कांग्रेस को 10 सीटें मिली हैं, मगर मंत्री एक को ही बनाया गया है। सुधीर शर्मा के मंत्री बनने की सबसे ज्यादा चर्चा थी, मगर सुक्खू ने उन्हें कैबिनेट में शामिल नहीं किया। इसी तरह ज्वालामुखी से संजय रतन, घुमारवीं से राजेश धर्माणी और सुजानपुर से राजेंद्र राणा भी कैबिनेट में शामिल नहीं किए गए हैं। प्रतिभा सिंह ने विभिन्न बोर्ड व निगमों में की जाने वाली तैनाती को लेकर भी राजीव शुक्ल से बात की है। उन्होंने पार्टी में सालों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को तैनाती देने का आग्रह किया है।