News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

Sri Lanka : प्रदर्शनकारियों ने खाली किया राष्ट्रपति भवन, सेना ने अपने कब्जे में लिया


कोलंबो, । श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया देश छोड़ने के बाद दर-दर भटक रहे हैं। गोटाबाया अभी मालदीव में हैं, लेकिन वे जल्द ही सिंगापुर जाएंगे। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, गोटाबाया सिंगापुर से फिर सऊदी अरब के जेद्दा जाएंगे। मालदीव सरकार के अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि गोटाबाया सऊदी एयरलाइंस के विमान में सवार हो चुके हैं।

उधर, श्रीलंकाई सरकार ने राजधानी कोलंबो में कर्फ्यू की सीमा बढ़ा दी है। कोलंबो में 14 जुलाई दोपहर 12 बजे से 15 जुलाई सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू बढ़ाया गया है। बता दें कि गोटाबाया गोटाबाया श्रीलंका छोड़कर मालदीव आ गए थे। गोटाबाया के देश छोड़ने के बाद श्रीलंका में बवाल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने पीएम आवास और दफ्तर पर कब्जा कर लिया है। प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने आपातकाल का एलान किया।

  • 04:06 PM, 14 Jul 2022

    सिंगापुर में ही रहेंगे गोटाबाया राजपक्षे

    श्रीलंका के राष्ट्रपति सिंगापुर में ही रहेंगे। वो अपनी पत्नी संग गुरुवार को मालदीव से सिंगापुर के लिए रवाना हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि गोटाबाया सिंगापुर के बाद सऊदी अरब जाएंगे।

  • 03:46 PM, 14 Jul 2022

    प्रदर्शनकारियों ने खाली किया राष्ट्रपति भवन

    प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन खाली कर दिया है। सेना ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों को खाली करने का एलान किया था।
    /

  • 03:16 PM, 14 Jul 2022

    संसद के बाहर तैनात किए टैंक

    श्रीलंका की संसद के बाहर टैंकों की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों को संसद भवन में घुसने से रोकने के लिए ऐसा किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को पीएम आवास पर कब्जा कर लिया है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

  • 03:08 PM, 14 Jul 2022

    श्रीलंकाई सेना को मिली छूट

    श्रीलंका की सेना ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि श्रीलंकाई सैनिकों को संपत्ति और जीवन को बचाने के लिए आवश्यक बल प्रयोग करने के लिए अधिकृत किया गया है।

  • 02:23 PM, 14 Jul 2022

    प्रदर्शनों में एक की मौत, कई घायल

    श्रीलंका में बुधवार को सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके अलावा हवाई फायरिंग की भी आवाज सुनी गई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान कई लोग घायल हो गए। वहीं, एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

  • 01:55 PM, 14 Jul 2022

    आज शाम सिंगापुर पहुंचेंगे गोटाबाया राजपक्षे

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और उनकी पत्नी सऊदी एयरलाइंस की उड़ान SV788 में माले से गुरुवार सुबह रवाना हो चुके हैं। राष्ट्रपति आज शाम सात बजे सिंगापुर पहुंचेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद वह सऊदी अरब के जेद्दा जाएंगे।

  • 01:38 PM, 14 Jul 2022

    कोलंबो की सड़कों पर दिखे टैंक

    श्रीलंका की राजधानी कोलंबो की सड़कों पर टैंक तैनात किए गए हैं। लोगों के भारी प्रदर्शन को देखते हुए आर्मी टैंक को उतारा गया है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

  • 12:47 PM, 14 Jul 2022

    सऊदी अरब जाएंगे गोटाबाया राजपक्षे

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे सऊदी एयरलाइंस के एक विमान में सवार हो चुके हैं। गोटाबाया सिंगापुर जाएंगे और फिर सऊदी अरब के जेद्दा रवाना होंगे। एजेंसी एपी ने मालदीव सरकार के अधिकारियों का हवाला दिया है।

  • 12:32 PM, 14 Jul 2022

    कोलंबो में 15 जुलाई तक बढ़ा कर्फ्यू

    श्रीलंका सरकार ने कोलंबो में कर्फ्यू बढ़ा दिया है। कोलंबो में 14 जुलाई दोपहर 12 बजे से 15 जुलाई सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा।

  • 12:22 PM, 14 Jul 2022

    लग्जरी कारों की सुरक्षा कर रहे सैन्यकर्मी और प्रदर्शनकारी

    कोलंबो में सैन्यकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों का एक समूह पीएम रानिल विक्रमसिंघे के कार्यालय पर लग्जरी कारों और संपत्ति की सुरक्षा में लगा है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, मैं और मेरे दोस्त इस संपत्ति को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं क्योंकि ये जनता के पैसों से बनी है।

  • 12:04 PM, 14 Jul 2022

    श्रीलंका में सरकारी इमारतों से जल्द बाहर निकलेंगे प्रदर्शनकारी

    श्रीलंका में प्रदर्शनकारी जल्द ही सरकारी इमारतों को छोड़ने वाले हैं। एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे जल्द सभी सरकारी जगहों से बाहर आ जाएंगे।

  • 11:26 AM, 14 Jul 2022

    मालदीव पहुंचा प्राइवेट जेट

    राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे मालदीव से सिंगापुर रवाना होंगे। डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें लेने के लिए प्राइवेट जेट माले पहुंच गया है। गोटाबाया श्रीलंका छोड़कर मालदीव आए थे।

  • 11:09 AM, 14 Jul 2022

    पीएम की कुर्सी की रक्षा कर रहे सुरक्षाकर्मी

    पीएम आवास पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया है। उधर, श्रीलंकाई सैन्यकर्मी कोलंबो में प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे की कुर्सी की रक्षा कर रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है।

    10:59 AM, 14 Jul 2022

    पीएम आवास में डटे हैं प्रदर्शनकारी

    श्रीलंका के प्रदर्शनकारी अभी भी पीएम आवास में डटे हुए हैं। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने पीएम आवास और दफ्तर पर कब्जा कर लिया था।

  • 10:36 AM, 14 Jul 2022

    क्रिप्टो व्यापार को लेकर श्रीलंका के केंद्रीय बैंक की लोगों को चेतावनी

    सेंट्रल बैंक आफ श्रीलंका ने आभासी मुद्राओं खासकर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश से उत्पन्न महत्वपूर्ण वित्तीय, परिचालन, कानूनी और सुरक्षा संबंधी जोखिमों के संभावित जोखिम को देखते हुए लोगों को चेतावनी दी है। बैंक ने लोगों को इंटरनेट के माध्यम से पेश की जाने वाली इस प्रकार की आभासी योजनाओं में निवेश ने करने की हिदायत दी है।

  • 09:37 AM, 14 Jul 2022

    गोटाबाया राजपक्षे ने नहीं दिया इस्तीफा

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अभी तक इस्तीफा नहीं दिया है। श्रीलंका की संसद के अध्यक्ष के कार्यालय से जानकारी दी गई है। बताया गया कि अध्यक्ष को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से इस्तीफे की चिट्ठी मिलना बाकी है।

  • 09:07 AM, 14 Jul 2022

    श्रीलंका में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने की आपात बैठक

    श्रीलंका में चल रहे राजनीतिक संकट से निपटने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक आपात बैठक की। बैठक में नेताओं ने फैसला किया कि देश में मौजूदा स्थिति को हल करने के लिए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

  • 08:45 AM, 14 Jul 2022

    रानिल विक्रमसिंघे के इस्तीफे की मांग

    श्रीलंका में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुलाकात की है। मुलाकात में फैसला किया कि देश में मौजूदा स्थिति को हल करने के लिए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

  • 08:37 AM, 14 Jul 2022

    श्रीलंका में अमेरिकी राजदूत की अपील

    श्रीलंका में अमेरिकी राजदूत जूली चुंग ने श्रीलंका की राजनीतिक पार्टियों से सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने श्रीलंका में कानून के शासन को बनाए रखने की अपील भी की है।

  • 08:33 AM, 14 Jul 2022

    यूएन ने की शांति बनाए रखने की अपील

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने श्रीलंका को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, यह महत्वपूर्ण है कि संघर्ष के मूल कारणों और प्रदर्शनकारियों की शिकायतों का समाधान किया जाए। मैं सभी पार्टी नेताओं से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए समझौते की भावना को अपनाने का आग्रह करता हूं।