Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP :ओम प्रकाश राजभर बोले- भाजपा तथा बसपा के मेल से हो गया खेल, समीक्षा


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आने के बाद अब सभी दल अपने प्रदर्शन की समीक्षा में जुटेंगे। इस बार के चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी विधानसभा वार अपने प्रत्याशियों के प्रदर्शन की समीक्षा की तैयारी कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता तथा बहुजन समाज पार्टी के बीच तालमेल को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि भाजपा तथा बसपा इस बार मिलकर चुनाव लड़े और इनके मेल से ही खेल हो गया।

ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आने के बाद अब समीक्षा का समय आ गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हमने विधानसभा वार अपने प्रत्याशियों के प्रदर्शन की समीक्षा करने का फैसला किया है। उनकी समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर जो हमारी कमियां रही हैं, हम उस पर अब बेहतर काम करने की कोशिश करेंगे। हम तो लोकसभा का चुनाव लडऩे की तैयारी में लग गए हैं। इसके साथ ही हमें अब तो दूसरे दलों की चाल भी देखनी होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा तथा बसपा में अंदरूनी तालमेल के कारण ही खेल हो गया। उत्तर प्रदेश में यह बड़ा खेल था। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की 122 सीट ऐसी हैं जिनके प्रत्याशियों के बारे में भाजपा कार्यालय में फैसला किया गया और बसपा के कार्यालय में चुनाव चिन्ह प्रदान कर दिया गया।