News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की तीसरी सूची में सोनिया गांधी व मनमोहन का नाम नहीं, पूर्व सभासद को मिली जगह


लखनऊ, । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के मतदान क्षेत्र के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। तीसरे चरण में भी कांग्रेस के 30 सदस्य प्रचार कार्य में लगेंगे। इसमें जो सबसे चौंकाने वाला नाम गायब है, वह है पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का। तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीट पर 20 फरवरी को मतदान होगा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 30 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की यह सूची काफी चौंकाने वाली है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम शामिल नहीं है। इस सूची में लखनऊ के एक पूर्व सभासद मुकेश सिंह चौहान का नाम है, जो कि लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनने का दावा ठोंक रहे थे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की इस लिस्ट में 30 नाम शामिल है। इस लिस्ट में कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और कांग्रेस के पूर्व यूपी अध्यक्ष राजबब्बर का भी नाम शामिल नहीं है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी इस सूची में हैं। इसके अलावा अजय कुमार लल्लू, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, मोहम्मद अजहरूद्दीन, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आचार्य प्रमोद कृष्णम, राशिद अल्वी, जफर अली नकवी, कुलदीप विश्नोई, वर्षा गायकवाड़, हार्दिक पटेल, फूलो देवी नेतम और सुप्रिया श्रीनेत्र, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, प्रनिति शिंदे, धीरज गुर्जर और तौकीर आलम कांग्रेस के लिए तीसरे चरण में यूपी में प्रचार करेंगे।