Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP : प्रतिमा न लेकर अखिलेश ने किया भगवान बुद्ध का तिरस्कार, -राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी


लखनऊ । गुंडाराज, माफियाराज, परिवारवाद और आतंकवाद के साथ ही सपा को अब भाजपा ने भगवान बुद्ध के अपमान का आरोप लगाकर घेराबंदी तेज कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि चुनावी रैली के दौरान भगवान बुद्ध की प्रतिमा लेने से इन्कार कर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भगवान का तिरस्कार किया है। हार देखकर विपक्षी नेताओं की भाषा और भाव-भंगिमा पूरी तरह विक्षिप्त हो चुकी है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में सुधांशु ने कहा कि चौथे चरण में राजधानी लखनऊ में भी मतदान था। इस चरण तक लखनऊ का रास्ता भाजपा के लिए प्रशस्त हो चुका है। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब पूरी तरह हताश है। विपक्षी नेताओं की भाषा व भाव-भंगिमा पूरी तरह विक्षिप्त हो गई है। इसका प्रमाण यह है कि जहां तीसरे चरण में अखिलेश यादव चुनावी रैली में ‘ए पुलिस, ए पुलिस’ कहकर अपनी निराशा और हताशा को अभद्र टिप्पणी से छिपा रहे थे, वहीं चौथे चरण की चुनावी रैली में उन्होंने बहुत ही निंदनीय काम किया है। संपूर्ण विश्व में शांति का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध की प्रतिमा को तिरस्कारपूर्वक हटाते हुए उसे लेने से इन्कार कर दिया।

भगवान राम, कृष्ण और बुद्ध के प्रति वे दिल से कैसा दुर्भाव रखते हैं, यह इस घटना से स्पष्ट हो गया। भारत की वैश्विक पहचान के प्रतीकों के प्रति इनका दुर्भाव ही इनके आचरण की मूल प्रकृति व फितरत है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि तालिबान ने बामियान में भगवान बुद्ध की सबसे बड़ी प्रतिमा को 2001 में ध्वस्त किया था। इनके तमाम नेता ऐलानिया उसी तालिबान का समर्थन करते हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा के वीडियो से स्पष्ट है कि आतंक और आतंकवादी कांग्रेस के लिए ‘फिजूलÓ की बात हैं और सपा प्रमुख के लिए आतंकवाद के आरोपितों का समर्थन करना ‘उसूलÓ की बात है। उन्हें आतंक के आरोपितों से मोहब्बत है और श्रद्धा के प्रतीकों के लिए हिकारत है। वहीं, भाजपा सरकार ने कुशीनगर में सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया और गोरखपुर में बाद में।