News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

UP : प्रियंका गांधी ने बनारस घराने के गायन, वादन और कथक की तीन पीठों पर नवाया शीश


वाराणसी,। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों बनारस में हैं। वह कबीरचौरा-स्थित विलक्षण संत कवि कबीर की मूलगादी में ही रुकी हुई हैं। आज सुबह उन्होंने बिल्कुल सादा और अनौपचारिक शिल्प में कबीरमठ-स्थित कबीर के पालनहार माता-पिता नीरू-नीमा की समाधि का दर्शन-अवलोकन किया और मठ में स्थित कबीर के बचपन और उनके व्यवसाय से जुड़ी पुरानी सामग्रियों को भी देखा। कबीरचौरा संगीत का वैश्विक केंद्र है। उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत की तीन प्रमुख विधाओं – शास्‍त्रीय गायकी, कथक नृत्य और तबले की सिद्धपीठ भी है।

कबीरचौरा की संकरी जनाकीर्ण गलियों से होते हुए प्रियंका अपने चुनिंदा सहयोगियों के साथ गायन, वादन और नृत्य के तीनों अंगों के तीन प्रतिनिधि परिवारों तक पहुंंची। पद्मविभूषण दिवंगत पंडित किशन महाराज के यशस्वी पुत्र पंडित पूरन महाराज और उनके शिष्यों और परिचितों से मिलीं और कुछ देर तक तबले के बोल सुनती रहीं।

इसके बाद वह कथकक्वीन विदुषी सितारा देवी के मकान पर जाकर उनके पौत्र यशस्वी कथक नर्तक विशाल कृष्ण और उनके परिवार से मिलीं और गलियों में उपस्थित बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

भारतीय कला जगत की मशहूर हस्तियों एवं पदम पुरस्कार विजेताओं के घर पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी। प्रसिद्ध तबला वादक पंडित किशन महाराज, कथक साम्राज्ञी सितारा देवी एवं प्रसिद्ध संगीतकार पंडित बूंदी महाराज जी के घर जाकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शीश नवाया। वाराणसी की गलियों में भारतीय कला जगत की परम्पराओं से रूबरू होते हुए कई सांस्कृतिक हस्तियों से मिलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।