News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP : लखनऊ में बोले अखिलेश यादव, भाजपा अफवाहों के साथ वोटों की हेराफेरी में जुटी


लखनऊ, । समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अब अफवाहों के साथ वोटों की हेराफेरी के दुष्प्रयास में जुट गई है। जनता में भ्रम फैलाने के लिए एक्जिट पोल का सहारा लिया गया, किंतु इसकी पोल जनता ने खोल दी है। प्रदेश में जनआकांक्षा और सत्तालोलुपता के बीच जंग में 10 मार्च का दिन निर्णायक सिद्ध होगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति करने से बाज आने वाली नहीं है। मतदान के दौरान उसने अपने विरोधियों के साथ दुव्र्यवहार किया।

बड़ी संख्या में लोग मतदान से वंचित रह गए। भाजपा के झूठे वादों, बढ़ती महंगाई एवं भ्रष्टाचार से क्षुब्ध मतदाताओं ने सभी सातों चरण में सपा व उसके सहयोगी दलों को वोट देकर भाजपा सरकार को करारी शिकस्त दी। भाजपा को यह अहसास हो गया है कि जनता ने उसको सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है इसीलिए वह षड्यंत्र और साजिशों का सहारा ले रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने समाजवादी साथियों के मनोबल तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा।

भाजपा संविधान की मर्यादा से खेल करते हुए प्रशासन तंत्र को भी दबाव में लेकर अपनी स्वार्थपूर्ति के काम में लगी है। भाजपा को कोई लोकलाज नहीं रह गई है। वह लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने में तुली है। लोकमत को लूटने के किसी भी दुस्साहस को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता भलीभांति जानती है कि यह लोकतंत्र की आखिरी लड़ाई है।