Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP विधानसभा चुनाव: कांग्रेस के सभी सीट पर लड़ने की घोषणा करने के बाद प्रियंका गांधी बीमार


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जोरदार तैयारी के साथ उतरने की योजना बना चुकी कांग्रेस के कुछ बड़े अभियान की गति मंद होगी। इनमें कुछ कार्यक्रम अब धीमे पड़ेंगे। बुलंदशहर में रविवार को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर अकेले चुनाव लडऩे की घोषणा करने वाली पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को तेज वायरल बुखार है। कांग्रेस की ओर से जानकारी दी गई है कि अब वह कुछ दिन आराम करेंगी।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का सोमवार को अपनी ससुराल मुरादाबाद में कार्यक्रम था। वह चौथी बार अपनी ससुराल आ रही थीं, लेकिन उनका आगमन स्थगित हो गया। उनको करीब 14-15 जिलों के नेता व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। पीतलनगरी में इसके साथ ही उनको जनसभा को भी संबोधित करना था। इसी बीच कांग्रेस की तरफ से एक संदेश वहां पहुंचा। खेद के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि तेज वायरल बुखार होने के चलते प्रियंका गांधी वाड्रा आज मुरादाबाद के कांग्रेस पदाधिकारी सम्मेलन में पहुंचने में असमर्थ हैं। कल हल्का बुखार होने के बावजूद वह बुलंदशहर सम्मेलन में पहुंची थीं। उनके आगे के कार्यक्रम की सूचना बाद में दी जाएगी। मुरादाबाद में आज पदाधिकारी सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी एवं अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी जी ठीक होते ही मुरादाबाद में अपने कार्यक्रम की घोषणा करेंगी।