News TOP STORIES आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश चंदौली जौनपुर भदोही, ज्ञानपुर मऊ मिर्जापुर लखनऊ वाराणसी सोनभद्र

UP Election Phase 7: उत्तर प्रदेश में सातवें चरण का मतदान खत्म, 54 सीटों के लिए करीब 57 फीसद वोटिंग


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए मतदान सोमवार को समाप्त हो गया है। सातवें चरण में आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौ जिलों के 54 सीटों छह बजे तक 56.77 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, यह प्रतिशत पिछले चुनाव से कम हैं। छह बजे तक पोलिंग बूथ में पहुंचे मतदाताओं को वोट डालने दिया गया। इसके साथ ही अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में 61.24 प्रतिशत मतदान हुआ था।

UP Election Phase 7 Voting 

शाम को पांच बजे तक बढ़ा जोश नौ जिलों में 54.18 प्रतिशत मतदान : उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 के सातवें तथा अंतिम चरण में पूर्वांचल के नौ जिलों के 54 विधनासभा क्षेत्र में शाम को पांच बजे तक 54.18 प्रतिशत मतदान हो गया था। पूर्वी उत्तर प्रेदश के मतदाता काफी उत्साहित हैं। पांच बजे तक चंदौली जिले ने अपनी बढ़त बरकरार रखी था, जबकि वाराणसी ने भी 50 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया था। पांच बजे तक आजमगढ़ में 52.34, भदोही में 54.26, चंदौली में 59.59 प्रतिशत, गाजीपुर में 53.67, जौनपुर में 53.55, मऊ में 55.04, मीरजापुर में 54.93, सोनभद्र में 56.95 और वाराणसी में 52.79 प्रतिशत मतदान हो गया था।

सातवें चरण में मतदान का प्रतिशत

जिला         7-9 बजे  9-11      11 से एक      एक से तीन  तीन से पांच बजे

आजमगढ़   8.08       20.12   34.63          45.25          52.34

भदोही       7.43       22.24    35.59          47.50          54.26

चंदौली       7.69       23.43    38.43          50.75          59.59

गाजीपुर     7.95      19.35     33.71           45.56         53.67

जौनपुर       8.99      21.84    35.31            47.18        53.55

मऊ          9.99      24.74     37.08            46.86        55.04

मीरजापुर   8.84       23.41     38.10           44.86         54.93

सोनभद्र     8.35      19.68      35.87           49.82         56.95

वाराणसी    8.93      21.21     33.62            43.90         52.79

कुल          8.58       21.55     35.51            46.40         54.18 प्रतिशत

तीन बजे तक चंदौली में सर्वाधिक मतदान, वाराणसी में मतदाता सुस्त : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में सातवें तथा अंतिम चरण के मतदान का दौर भी अंतिम चरण में है। दोपहर में तीन बजे तक मतदाताओं का उत्साह भी वोट के प्रतिशत के साथ बढ़ रहा था। नौ जिलों की 54 सीटों पर तीन बजे तक 46.40 प्रतिशत मतदान हो गया था। चंदौली ने एक बजे तक जो बढ़त बना ली थी, उसको तीन बजे तक भी बरकरार रखा। चंदौली में सर्वाधिक 50.75 प्रतिशत मतदान हो गया था जबकि सबसे कम वोट पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पड़े थे। यहां 43.90 प्रतिशत मतदान हो सका था। तीन बजे तक आजमगढ़ में 46.40, भदोही में 45.25, चंदौली में 50.75, गाजीपुर में 45.56, जौनपुर में 47.18, मऊ में 46.86, मीरजापुर में 44.66, सोनभद्र में 49.82 और वाराणसी में 43.90 प्रतिशत मतदान हो गया था।

एक बजे तक 35.51 प्रतिशत मतदान, चंदौली में द‍िखा उत्‍साह : उत्तर प्रदेश विधनासभा चुनाव के सातवें तथा अंतिम चरण में एक बजे तक कुल 35.51 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नौ जिलों के 54 विधानसभा क्षेत्र में चंदौली के मतदाताओं का उत्साह काफी बढ़ा है। चंदौली में एक बजे तक 38.43 प्रत‍िशत मतदान हो चुका है। मऊ में 37.08 प्रतिशत मतदान हो गया था जबकि गाजीपुर में 33.71 प्रत‍िशत वोट‍िंग हुई है। आगमगढ़ में 34.63, भदोही में 35.59, जौनपुर में 35.81, मीरजापुर में 38.10, सोनभद्र में 35.87 तथा वाराणसी में 33.62 प्रतिशत मतदान हो गया था।

मऊ में पुलिस की हिरासत में चार फर्जी मतदाता, चंदौली में ईवीएम पर डाली गई फेवीक्विक : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में सातवें तथा अंतिम चरण के मतदान में सोमवार को मऊ में फर्जी मतदान का मामला सामने आने पर पुलिस एक्टिव हो गई। मऊ के कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल लतीफ नोमानी कालेज में बने मतदान केन्द्र में फर्जी मतदान की तैयारी में लगे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।