Latest News उत्तर प्रदेश करियर राष्ट्रीय लखनऊ

UP Police Recruitment : अब 35,757 पदों पर भर्ती करेगा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 26,210 और फायरमैन के 172 पदों पर भर्ती की सूचना जुलाई 2022 में दी गई थी। इस भर्ती को आयोजित करने के लिए परीक्षा एजेंसी के चयन की टेंडर प्रक्रिया जुलाई में ही शुरू हो गई थी। लेकिन पांच माह बीत जाने के बाद भी इस भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन नहीं निकाला गया है। यहां तक की भर्ती परीक्षा कराने के लिए कार्यदायी संस्था का भी चयन नहीं हो पाया है।

UP Police Recruitment 2023: कांस्टेबल और फायरमैन के पदों में हुआ इजाफा

वहीं, अब कांस्टेबल और फायरमैन के पदों में इजाफा कर दिया गया है। अब नागरिक पुलिस कांस्टेबल के 26,210 के अलावा पीएसी कांस्टेबल के 8,500 पद और जोड़ दिए गए हैं। यानी अब कांस्टेबल के करीब 34,700 पद हो गए हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग में फायरमैन के पहले 172 पद थे, अब इसे बढ़ाकर 1057 कर दिया गया है। यानी फायरमैन के 885 पद और जोड़ दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड अब कांस्टेबल और फायरमैन के 35,757 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन एक साथ जारी करेगा। उम्मीद की जा रही है कि इस बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जनवरी या फरवरी 2023 में जारी हो सकता है। कार्यदायी संस्था का चयन होने के बाद अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे।

बता दें कि यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड इस बार कांस्टेबल भर्ती में 18 से 22 साल के 12वीं पास अभ्यर्थियों को हिस्सा लेने की अनुमति दे सकता है। राज्य में आखिरी बार कांस्टेबल के पदों पर भर्ती वर्ष 2018 में निकली थी इसलिए इस भर्ती में काफी संख्या में अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। स्वयं भर्ती बोर्ड ने परीक्षा में करीब 20 लाख उम्मीदवारों के बैठने की उम्मीद जताई है।

UP Police Recruitment 2023: ऐसे आयोजित होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा ओएमआर शीट पर ऑफलाइन मोड से होगी। परीक्षा कंप्यूटर मोड (सीबीटी) टाइप नहीं होगी। ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न होंगे और ओएमआर शीट पर गोलों को भरना होगा।

पिछले वर्ष के नोटिफिकेशन को देख कर कहा जा सकता है कि इन पदों कि लिए 12वीं पास (इंटर पास) की योग्यता मांगी जाएगी। आयु सीमा 18 वर्ष से 22 वर्ष रखी जा सकती है। एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में 5-5 वर्ष की छूट दी जाएगी।

UP Police Recruitment 2023: यूपी पुलिस कांस्टेबल एग्जाम में क्या क्या शामिल होगा…

परीक्षा में जनरल नॉलेज, जनरल हिंदी, साइंस, न्यूमेरिकल, मेंटल एबिलिटी, मेंटल एप्टीट्यूड/आईक्यू और रीजनिंग एबिलिटी विषयों से प्रश्न आएंगे जो ऑब्जेक्टिव टाइप होंगे। लिखित परीक्षा सीसीटीवी में होगी और इसकी वीडियो कवरेज भी होगी।