Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

Uttarakhand : प्रियंका गांधी ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- भाजपा सरकारें केवल अमीरों के लिए


श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें केवल अमीरों के लिए ही होती हैं। देश के हवाई अड्डे, बंदरगाह, सरकारी बड़े उद्योग जैसी देशी की बहुमूल्य संपति भाजपा सरकार ने केवल दो लोगों को बेच दी हैं। परेशान युवा बेरोजगार है, किसान परेशान है। स्वास्थ्य सुविधाओं का भारी अभाव, भारी महंगाई और बेरोजगारी उत्तराखंड की सबसे बड़ी समस्या है जो पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार ने जनता को दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में हुनर है, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है, यहां के युवा मेहनती भी हैं लेकिन सरकार की नीयत सही नहीं रही। जिससे छोटे-छोटे व्यवसाय भी बंद हो गए और मजबूरी में पहाड़ से पलायन होता रहा।

एनआइटी श्रीनगर के खेल मैदान में कांग्रेस की उत्तराखंडी स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने ही पहाड़ में स्वास्थ्य असुविधाओं को देखते हुए श्रीकोट में बेस अस्पताल का निर्माण किया था। लेकिन आज 50 साल हो गए बेस अभी रेफरल अस्पताल ही बना हुआ है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से क्षेत्र की जनता परेशान है। कर्मठ और ईमानदार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और श्रीनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल को भारी बहुमत से जिताने की अपील जनता विशेषकर महिलाओं से करते हुए उन्होंने कहा कि अमीरों और उद्योगपतियों के लिए होने वाली रणनीति को बदल दें।

उत्‍तराखंड में पर्यटन पुलिस का अलग से किया जाएगा गठन

14 फरवरी को कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही जनता की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा में किया जाएगा। परम्पराओं, संस्कृति के साथ छेड़छाड़ नहीं होगी। पांच लाख रोजगार देने के साथ ही सरकार में रिक्त पड़े खाली पड़े पदों पर भी प्राथमिकता से नियुक्तियां दी जाएंगी। पर्यटन पुलिस का अलग से गठन किया जाएगा। ड्रोन की सहायता लेकर घर-घर गांव-गांव स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचायी जाएंगी। प्रदेश के पांच लाख निर्धन जरूरतमंद परिवारों को 40 हजार रुपये सालाना आर्थिक सहायता के साथ ही रसोई गैस सिलिंडर की कीमत 500 से अधिक नहीं होने देगी।