News TOP STORIES उत्तराखण्ड नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Uttarkashi: श्रमिकों को बाहर निकालने के काम तेजी अगले 15 घंटे होंगे अहम


उत्तरकाशी। उत्तरकाशी सुरंग हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए जारी रेस्क्यू ऑपरेशन अब अपने आखिरी पड़ाव है। उम्मीद की जा रही है बुधवार रात या फिर गुरूवार सुबह तक मजदूरों को सही सलामत बाहर निकाल लिया जाएगा।

उत्तरकाशी टनल हादसे से जुड़े पल-पल की अपडेट यहां पढ़ें…

सीएम धामी बोले- सभी मजदूर सुरक्षित आएंगे बाहर

Uttarkashi Tunnel Collapse: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मशीन आज काम कर रही है। मुझे उम्मीद है कि सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।”

22 Nov 20231:15:12 PM

श्रमिकों की सकुशल वापसी के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया यज्ञ

सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के सकुशल वापसी के लिए भाजपा जीएमएस मंडल कैंट विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मण चौक स्थित आर्य समाज परिसर में यज्ञ किया। इस दौरान कैंट विधायक सविता कपूर भी शामिल हुई। कहा कि सरकार श्रमिकों को सकुशल निकालने के लिए प्रयासरत है। खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पल पल की जानकारी ले रहे हैं। टपकेश्वर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए पूजा की।

22 Nov 202312:42:25 PM

समस्या नहीं आई तो कल सुबह तक मिलेगी बड़ी खबर: महमूद अहमद

उत्तरकाशी। अपर सचिव तकनीकी, सड़क एवं परिवहन महमूद अहमद ने कहा कि अगर कोई बड़ी घटना नहीं होती तो जल्द ही अच्छी खबर आ सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई रुकावट नहीं आई तो आज रात या कल सुबह कोई बड़ी खबर मिल सकती है। मलबे के साथ एक लोहे की रॉड भी आई है. खुशी की बात है कि ये लोहा पाइपलाइन बिछाने के बीच में हमारे लिए कोई समस्या पैदा नहीं हुई।

22 Nov 202312:13:14 PM

Uttarakhand Tunnel Collapse : शुरू हो गई है ड्रिलिंग: कमांडर विवेक श्रीवास्तव

उत्तरकाशी। 36 बीआरओ के कमांडर विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि मशीनरी सिल्क्यारा छोर के अंत पर पहुंच गई है और वहां ड्रिलिंग शुरू हो गई है। बड़कोट छोर पर काम आज से शुरू होगा”

22 Nov 202311:44:16 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: सिलक्यारा पहुंचे करन महारा, ली रेस्क्यू की जानकारी

उत्तरकाशी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन महारा सिलक्यारा पहुंचे। सिलक्यारा में उन्होंने 41 श्रमिकों को बचाने के लिए चल रहे रेस्क्यू अभियान को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

 

22 Nov 202311:42:51 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: अगले 15 घंटे होंगे अहम: विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे

उत्तरकाशी। सिलक्यारा में राहत एवं बचाव कार्यों के निरीक्षण को पहुंचे भास्कर खुल्बे ने उम्मीद से भरे संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले 15 घंटे अहम होंगे। इस कमेंट के निहितार्थ यह निकाले जा रहे हैं कि इस अवधि में श्रमिकों तक एस्केप टनल पहुंचाकर उन्हें सकुशल निकाल लिया जाएगा। फिलहाल ऑगर से 39 मीटर की ड्रिलिंग पूरी होने की बात कही जा रही है।

22 Nov 202311:27:11 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: पीएम मोदी ने ली रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी: सीएम धामी

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया की पीएम मोदी ने मामले पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने आज फोन पर बात कर सिलक्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों के लिए भोजन, दवाइयां, अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं उन्हें सकुशल बाहर निकालने हेतु चल रहे बचाव कार्यों की जानकारी ली।

22 Nov 202311:22:51 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार और ओएसडी भास्कर खुल्बे पहुंचे

उत्तरकाशी। सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने को चल रहे रेस्क्यू अभियान तेजी आई है। सुरंग में गतिविधियां भी बढ़ गई है। प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं चारधाम परियोजना के ओएसडी भास्कर खुल्बे भी पहुंच गए हैं। बस पर खुल्बे और जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला सुरंग के अंदर खोज बचाओ अभियान का निरीक्षण के लिए गए हैं।

22 Nov 202311:18:05 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: एलएंडटी के सुरक्षा प्रमुख निगेल ने कहा कि जल्द ही मिलेगी सफलता

उत्तरकाशी। एलएंडटी के सुरक्षा प्रमुख निगेल ने कहा कि मौजूदा स्थिति यह है कि वे एक तरफ से ड्रिलिंग कर रहे हैं। यह बहुत अच्छा चल रहा है। उम्मीद है, वे सुरंग तोड़ने जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि जल्द ही हमें रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता मिलेगी। हम माइक्रो-टनलिंग में भी सहायता कर रहे हैं।

22 Nov 202310:59:05 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: जल्द ही आएगी रेस्क्यू की एक अच्छी खबर: इंजीनियर नाईजेल

उत्तरकाशी। आरवीएनएल की कंसलटेंसी एजेंसी के इंजीनियर नाईजेल ने कहा कि ऑगर मशीन से रेस्क्यू काम चल रहा है। इंजीनियरिंग समय लेती है। बिना हड़बड़ी किए तेजी से काम करना होता है। इसलिए जल्द ही रेस्क्यू की एक अच्छी खबर मिल जाएगी। पूरी टीम लगी हुई है औगर मशीन से ड्रिलिंग में कुछ रुकावट आती है तो अन्य विकल्पों पर भी तेजी से कम होगा।

22 Nov 202310:53:54 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: आज रात या कल सुबह बाहर आ सकते हैं मजदूर

उत्तरकाशी। चारधाम आलवेदर रोड की यमुनोत्री मार्ग पर बन रही सिलक्यारा सुरंग में भूस्खलन के बाद 12 नवंबर की सुबह से फंसे 41 श्रमिकों को आज देर रात या कल सुबह तक निकाले जाने की उम्मीद जग गई है। श्रमिकों को निकालने के लिए चल रहा रेस्क्यू अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। औगर मशीन से 800 एमएम व्यास के पाइपों को मलबे के भीतर से आर-पार भेजने का कार्य लगातार जारी है। बुधवार सुबह 10 बजे तक 34 मीटर पाइप जा चुका है, जबकि कुल 60 मीटर लंबा पाइप ड्रिल किया जाना है।

22 Nov 202310:34:47 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: घटनास्थल पर खड़ी कर दी गई है एंबुलेंस

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल ये अभियान आखिरी पड़ाव पर है। घटना स्थल पर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं। जल्द ही मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।

22 Nov 202310:32:09 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: ओएनजीसी करेगी वर्टिकल ड्रिलिंग

 उत्तरकाशी। बीआरओ के कमांडर विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि सिलक्यारा की ओर से 1.2 किलोमीटर सड़क बीआरओ ने 48 घंटे में तैयार की है। जबकि अब 4.5 किलोमीटर की सड़क बड़कोट की ओर से तैयार करने की तैयारी है। जिसके बाद ओएनजीसी वहां वर्टिकल ड्रिलिंग की तैयारी करेगी।

22 Nov 202310:00:11 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: पांच एजेंसियों ने संभाला है रेस्क्यू का जिम्मा

उत्तरकाशी। सिलक्यारा में फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू में पांच एजेंसियां युद्ध स्तर पर जुटी है। ओएनजीसी, एसजेवीएनएल, आरवीएनएल, एनएचआईडीसीएल और टीएचडीसीएल पूरी जिम्मेदारी के साथ सौंपी गई हैं।‌

22 Nov 20239:55:19 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: पीएम मोदी ने सीएम धामी से ली जानकारी

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के बचाव अभियान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया में पोस्ट कर दी जानकारी।

22 Nov 20239:51:04 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: 37 श्रमिक आ रहे ऊपर, ऐसे होगा रेस्क्यू

उत्तरकाशी। बीआरओ के अधिकारी सरोज मांझी ने कहा कि हम सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी पर जा रहे हैं। कुल 37 श्रमिक ऊपर जा रहे हैं। हमने सड़क निर्माण का अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है और मशीनें भी पहुंच गई हैं।

22 Nov 20239:49:24 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: तैयारियां हुई पूरी, बुलाई गई एंबुलेंस

उत्तरकाशी। रेस्क्यू अभियान ने गति पकड़ ली है। प्रशासन भी अपनी अन्य तैयारी में जुट गया है। श्रमिकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस का भी इंतजाम किया जा रहा है। जिसके लिए टिहरी और अन्य जनपद से भी एंबुलेंस मंगाई गई है। उम्मीद है कि बुधवार की रात या बृहस्पतिवार की सुबह तक श्रमिकों का रेस्क्यू किया जा सकेगा।

22 Nov 20239:48:20 AM

Uttarakhand Tunnel Collapse: 32 मीटर तक डाली जा चुकी है पाइप

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा आलवेदर रोड के अंतर्गत यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दीपावली के दिन यानि 12 नवंबर से निर्माणाधीन सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के कार्य ने मंगलवार से रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को पूरे दिन से लेकर बुधवार सुबह आठ बजे तक श्रमिकों को सुरंग से बाहर निकालने के लिए 800 एमएम व्यास के पाइप करीब 32 मीटर तक मलबे में डाले जा चुके हैं।