Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Weather: पूरे उत्‍तर भारत में गर्मी से हाल बेहाल, दिल्‍ली और राजस्‍थान में अलर्ट जारी,


नई दिल्‍ली, । पूरे देश में इस समय भीषण गर्मी और लू चल रही हैं। चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में कैद रहने के लिए मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने राजस्थान और दिल्ली में गर्मी और लू को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान में देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से व मध्य भारत में अगले पांच दिन गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आईएमडी ने इन राज्यों में गर्म हवाएं चलने का अंदेशा जताया है। मौसम विभाग की ओर से जारी वेदर बुलेटिन में उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों व मध्य भारत, खासकर पश्चिमी राजस्थान में अगले पांच दिन लू चलने की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं कि आपके प्रदेश में गर्मी का क्‍या हाल होगा। आखिर गर्मी से कब मिलेगी निजात।

 

अप्रैल माह में ला नीना का असर

मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल माह में ला नीना का असर बना रहेगा और अधिकतम तापमान में और इजाफा हो सकता है। विभाग के मुताबिक दक्षिणी हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश का भी यही हाल रहेगा। इन इलाकों में भी गर्म हवाएं दिन में लोगों को बाहर नहीं निकलने के लिए मजबूर करेंगी। आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और पंजाब में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। अगले पांच दिनों में पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस या इससे भी अधिक रहेगा। महाराष्ट्र और जम्मू संभाग में आठ अप्रैल को लू चलने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि इस साल लगभग पूरे देश में मार्च माह में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रही। यहां तक कि हिमालयी राज्यों में भी मार्च में बसंत की बहार की बजाय लू की स्थिति बनी रही और जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं।