Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

World Hypertension Day 2023 गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है हाइपरटेंशन ये आर्युवेदिक इलाज दिलाएंगे आराम


नई दिल्ली, : बिगड़ती जीवनशैली और काम के बढ़ते बोझ की वजह से इन दिनों लोग कई समस्याओं का शिकार हो रहे हैं। डायबिटीज, बीपी जैसी समस्याएं आजकल काफी आम हो चुकी हैं, जिससे कई लोग परेशान हैं। हाइपरटेंशन भी इन्हीं समस्याओं में से एक है, जो कई बार स्ट्रोक, दिल और किडनी की बीमारियों की वजह बनता है। कम लोग यह जानते होंगे कि हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को ही मेडिकल की भाषा में हाइपरटेंशन कहा जाता है।

इस बीमारी की कई वजह हो सकती हैं, जिनमें खराब लाइफस्टाइल, खान-पान के प्रति लापरवाही, शारीरिक गतिविधियों की कमी, पारिवारिक इतिहास, तनाव आदि शामिल हैं। हाइपरटेंशन एक गंभीर बीमारी है, जिसके प्रति लोगों को जागरूक करने के मकसद से हर साल 17 मई को विश्व हाइपरटेंशन दिवस मनाया जाता है। आप भी हाइपरटेंशन की समस्या से जूझ रहे हैं, तो हम आपको बताएंगे कुछ ऐसे आयुर्वेदिक इलाज के बारे में, जिसकी मदद से आप इस समस्या से निजात पा सकते हैं।

अर्जुन की छाल

कई औषधीय गुणों से भरपूर अर्जुन की छाल सेहत के लिए बेहद लाभकारी होती है। यह कई बीमारियों के इलाज के लिए भी इस्तेमाल की जाती है। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को कम करने के लिए भी अर्जुन की छाल बेहद फायदेमंद मानी जाती है। इतना ही नहीं इसके सेवन से शरीर में बढ़ा कोलेस्ट्रॉल का लेवल भी कम होता है। नियमित रूप से इसकी चाय बनाकर पीने से हाइपरटेंशन से राहत मिलती है।

चुकंदर

चुकंदर हमारी सेहत के लिए काफी लाभकारी होता है। यही वजह है कि डॉक्टर भी इसे डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व न सिर्फ शरीर में खून की कमी को दूर करते हैं, बल्कि हाइपरटेंशन से भी राहत दिलाते हैं। ऐसे में आप चुकंदर को सलाद या जूस के रूप में अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

त्रिफला

औषधीय गुणों से भरपूर त्रिफला का जिक्र आयुर्वेद में भी मिलता है। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से निजात पाने के लिए त्रिफला एक बेहतरीन उपाय है। यह शरीर में ब्लड सरकुलेशन में सुधार कर रक्त वाहिकाओं पर पड़ने वाले दबाव को कम करता है। ऐसे में अगर आप हाइपरटेंशन के शिकार हैं, तो रोजाना रात में खाने के 2 घंटे बाद एक चम्मच त्रिफला चूर्ण आपको फायदा पहुंचा सकता है। इसके सेवन से रक्तचाप नियंत्रित रहता है और पाचन तंत्र भी ठीक होता है।

अश्वगंधा

तनाव हाइपरटेंशन का एक मुख्य कारण है। ऐसे में अगर आप अश्वगंधा का सेवन करते हैं, तो इससे तनाव दूर करने में मदद मिलती है। दरअसल, अश्वगंधा में तनाव दूर करने वाले औषधीय गुण पाए जाते हैं। अगर आप भी तनाव या हाइपरटेंशन की समस्या से जूझ रहे हैं, तो दूध में एक चम्मच अश्वगंधा मिलाकर नियमित रूप से पीने से आपको फायदा मिलेगा।

दालचीनी

दालचीनी भारतीय किचन में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख मसालों में से एक है। यह न सिर्फ हमारे खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत को भी कई सारे फायदे हो जाता है। इसमें मौजूद पोटैशियम,फाइबर, कैल्शियम जैसे गुण उच्च रक्तचाप की समस्या से राहत दिलाने में मदद करते हैं। ऐसे में दालचीनी के पानी का सेवन करने से हाइपरटेंशन की समस्या में आराम मिलता है।