News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Wrestlers Protest: गोंडा में सांसद बृजभूषण शरण सिंह बोले- इस्तीफा नहीं 24 घंटे में जवाब दूंगा


गोंडा, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह चार बजे अपना पक्ष रखने के लिए मीडिया से बात करेंगे। नवाबगंज विश्नोहरपुर आवास से नंदनी नगर महाविद्यालय के लिए निकलते समय जब मीडियावालों ने उन्हें घेर लिया तो उन्होंने कहा कि वह लोग नंदनीनगर पहुंच जाएं। वहां पहलवानों का जमावड़ा है। इसके बाद वह भी नंदनीनगर महाविद्यालय पहुंच गए। बीच-बीच में मीडिया वाले उनसे बात करने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह चार बजे ही अपना पक्ष रखने की बात कहते रहे।

24 घंटे में दूंगा जवाब- सांसद बृजभूषण शरण सिंह

इसी बीच मीडिया कर्मियों ने उन्हें घेर लिया। इस्तीफे के बारे में जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि इस्तीफा वह क्यों दें। 24 घंटे में उनसे जवाब मांगा गया है। वह जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि जिस पहलवान ने आरोप लगाया है उसने प्रतियोगिता में हिस्सा ही नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि वह किसी के दया पर इस पद पर नहीं है। वह चुने हुए अध्यक्ष है। वह कुछ बोल देंगे तो सुनामी आ जाएगी। शनिवार से नंदनीनगर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता शुरू हो रही है। इसमें जोर आजमाइश करने के लिए हरियाणा समेत कई राज्यों से पहलवान पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से कोई बात अभी नहीं हुई है। उन्होंने पूरे प्रकरण को एक साजिश करार दिया है।

एक उद्योगपति के इशारे पर यह सब हो रहा

सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एक उद्योगपति के इशारे पर यह सब हो रहा है। अपने इस्तीफे जैसे बात पर वह कुछ बोलने को अभी तैयार नहीं है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से दूरी बना ली है। चार बजे होने वाली प्रेसवार्ता को लेकर सभी इंतजार कर रहे हैं। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। जबकि नंदनीनगर में मौजूद पहलवान संघ के अध्यक्ष के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं। उधर चर्चा है कि 22 जनवरी को अयोध्या में फेडरेशन के पदाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक के बाद अहम निर्णय हो सकते हैं।