News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सीएम येदियुरप्पा दे सकते हैं इस्तीफा


  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद से अटकलों का बाजार गर्म है। चर्चा है कि सीएम येदियुरप्पा जल्द अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफे के पीछे की वजह बढ़ती उम्र और खराब सेहत का हवाला दिया गया है। येदियुरप्पा ने शनिवार को इन खबरों को खारिज करते हुए कहा कि ये सच नहीं है।

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने उन्हें दक्षिण के राज्य में पार्टी का मजबूत करने और फिर से सत्ता में वापस लाने को कहा है। येदियुरप्पा ने आज भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी की स्थिति और मजबूत करने को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने (नड्डा) कर्नाटक की सत्ता में भाजपा की वापसी पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) ने भी यही कहा था। इस बारे में विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे की अटकलों को शनिवार को खारिज करते हुए कहा कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। इस सवाल पर कि क्या उन्होंने इस्तीफा दे दिया, यहां कर्नाटक भवन में येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, ‘बिल्कुल भी नहीं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाह में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बेंगलुरु लौटने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे।