News TOP STORIES नयी दिल्ली

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी : धर्मेंद्र प्रधान


देश में इस समय पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि हो रही है। कीमतों में हो रहे उछाल पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के कारण दाम बढ़े हैं। इसके साथ ही यह भी कहा कि पेट्रोल-डीजल को जल्द ही जीएसटी के तहत लाने का प्रयास जारी है।

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर मंगलवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के कारण दाम बढ़े हैं। कोरोना वायरस की वजह से मांग कम होने से आपूर्ति में भी कटौती हुई थी। उन्होंने कहा कि तेल की आपूर्ति करने वाले देशों ने वादा किया था कि हम जनवरी-फरवरी में आपूर्ति को पहले की स्थिति में ले आएंगे, उनके नहीं लाने के कारण ये स्थिति बनी है। एशिया के सारे देश उत्पादन बढ़ाने के लिए दबाव बना रहे हैं, हमें लगता है कि इससे कुछ फर्क आना चाहिए।

तेल को GST के दायरे में लाने का अनुरोध

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री ने कहा कि ये जीएसटी काउंसिल का विषय है। पेट्रोलियम इंडस्ट्री की तरफ से हम पहले दिन से इसके लिए अनुरोध कर रहे हैं। धीरे-धीरे पेट्रोलियम प्रोडक्ट को जीएसटी की ओर ले जाना पड़ेगा।