पटना

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार को गोल्ड मेडल


नयी दिल्ली (एजेंसी)। बिहार की कला ने एक बार फिर बिहार को गोल्ड दिला दिया है । व्यापार मेला में 2017 को छोड़ दें तो 2014 से बिहार पवेलियन ने 6 बार गोल्ड मेडल जीता है। बिहार को लगातार साल 2014 से ट्रेड फेयर में गोल्ड मेडल मिल रहा है। बिहार पवेलियन की इस जीत पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि ये सभी राज्यवासियों के लिए गौरव का विषय है। बिहार की तरफ से ये पुरस्कार रेजिडेंट कमिश्नर पलका साहनी और उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के निदेशक अशोक सिन्हा ने लिया।

ट्रेड फेयर में बिहार पवेलियन में 41 स्टॉल लगाए गए थे। जिसमें बिहार के पारंपरिक लोक कला और संस्कृति से जुड़े बेहतरीन उत्पादों को रखा गया था। यहां पद्मश्री दुलारी देवी की लाइव मधुबनी पेंटिंग की भी प्रदर्शनी की गई थी। ट्रेड फेयर में खादी पवेलियन में ग्रामीणों की दिख रही है आत्मनिर्भरता

बिहार पवेलियन की सबसे बड़ी खासियत रही कि यहां इको फ्रेंडली चीजों का इस्तेमाल किया गया। इस कोशिश ने बिहार को अन्य राज्यों के पवेलियन से अलग बनाया। बिहार पवेलियन के ग्रामीण परिवेश ने यहां आनेवाले विजिटर्स को बिहार की असल कला और संस्कृति से रूबरू कराया। विजिटर्स ने मधुबनी पेंटिंग, मंजुषा पेंटिंग के साथ ही भागलपुरी सिल्क, मटका सिल्क और एप्लिक वर्क के हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम के बेहतरीन उत्पादों को खूब पसंद किया।

बिहार पवेलियन में पटना के ‘जूटेक’ द्वारा निर्मित जूट के बने उत्पाद को भी लोगों ने खूब पसंद किया। 40वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में बिहार के लोगों की आस्था से जुड़ी चीजें और विशिष्ट खान पान की भी झलक दिखीं। यहां ठेकुआ, गुड़ के लड्डू, कचरी-तिलौरी को भी लोगों ने खूब पसंद किया।