News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

अजमेर में PM मोदी बोले- न सिद्धांत और न ही नीतियां बची उनके पास


जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कल एक झूठ का पुलिंदा जारी किया। यह झूठ का पुलिंदा कांग्रेस को बेनकाब करने वाला घोषणापत्र है। हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणापत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी।

PM मोदी ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस के पास न तो सिद्धांत और न ही नीतियां बची हैं। घोषणापत्र देखने पर लगता है कि कांग्रेस देश को पिछली शताब्दी पर धकेलने का एजेंडा लेकर आई है। क्या हम देश को पिछली शताब्दी में धकेलने देंगे? उन्होंने कहा,

गरीब और वंचित वर्ग की तरह ही कांग्रेस ने कभी नारी शक्ति की परवाह नहीं की। आजादी के बाद पीढ़ी दर पीढ़ी देश की करोड़ो बेटियों का जीवन कष्ट में बीता। उसके लिए कौन जिम्मेदार है? ऐसी कांग्रेस को सजा मिलनी चाहिए या नहीं?

उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। 2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक अवसर है।

भाजपा का स्थापना दिवस

पीएम मोदी ने कहा कि 6 अप्रैल को ही भाजपा की स्थापना हुई थी। ये संयोग देखिए कि आज ही मुझे पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है। ब्रह्माजी तो निर्माता हैं और भाजपा भी नए भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।