Latest News नयी दिल्ली मनोरंजन महाराष्ट्र राष्ट्रीय

अनुपम खेर ने शेयर किया लता मंगेशकर का आखिरी संदेश


नई दिल्ली,। 2022 में देश आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। इसकी तैयारियों जोर-शोर से की जा रही हैं। इन्हीं तैयारियों के चलते अमृत महोत्सव कमेटी की दूसरी मीटिंग में स्वर कोकिला लता मंगेशकर भी जूम के माध्यम से शामिल हुई थीं। अनुपम खेर भी इस मीटिंग का हिस्सा थे।

जब लता मंगेशकर ने बोलना शुरू किया तो अनुपम खेर ने उनकी आवाज रिकॉर्ड कर ली। यह बात 22 दिसम्बर 2021 की है। तब उन्हें भी नहीं पता था कि यह भारतीय सिनेमा की लीजेंड्री गायिका का आखिरी संदेश बन जाएगा। इसके कुछ दिन बाद ही लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से वो घर नहीं लौट सकीं।

अनुपम खेर ने अब यह ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया में साझा की है और पूरी दुनिया तक लता मंगेशकर का अंतिम संदेश पहुंचाया है। इस ऑडियो क्लिप में लता मंगेशकर श्रीमद्भागवत गीता का श्लोक यदा-यदा हि धर्मस्य… भी बोलते हुए अंत में कहती हैं- आप सबको प्रणाम करती हूं और आज्ञा लेती हूं… सुनने वालों को भी तब पता नहीं होगा कि लता दीदी को वो आखिरी बार सुन रहे हैं।

इससे पहले अनुपम खेर ने लता जी के घर जाकर उनकी बहन आशा भोसले से मुलाकात की थी और सांत्वना दी। इसकी तस्वीरें भी उन्होंने सोशल मीडिया में शेयर कीं। लता मंगेशकर को 8 जनवरी को कोरोना संक्रण के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां वो 29 दिन भर्ती रहीं। उनका इलाज आईसीयू में चल रहा था और वेंटिलेटर पर रखा गया था। शनिवार (5 फरवरी) को उनकी तबीयत बिगड़ गयी और रविवार सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।

शाम साढ़े छह बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क में लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमिताभ बच्चन, शाह रुख खान, आमिर खान, रणबीर कपूर, सचिन तेंदुलकर समेत फिल्म, संगीत, खेल और राजनीति की दुनिया के कई लोग जाने-माने लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किये और श्रद्धासुमन अर्पित किये।