पटना

अपने पुराने मित्रों से मिले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार


मोकामाबाढ़ में गांवगांव घूमे

पटना (आससे)। अपने पुराने मित्रों से मिलने सीएम नीतीश कुमार पूरी टीम के साथ मोकामा-बाढ़ के कई गांवों का भ्रमण किया और संघर्ष के दिनों को याद किया। मुख्यमंत्री के आगमन की खबर आते ही कई जगह पर उनके स्वागत की तैयारी की गई तो जगह-जगह माईक लगाये गये। कुछ जगहों पर मंच भी बनाये गए।

मुख्यमंत्री अपने पुराने संसदीय क्षेत्र बाढ़ में तीन दर्जन जगहों पर रूके और लोगों से बात की और कहा- दिल से इच्छा थी पुराने साथियों से मिलूं और संघर्ष के दिनों के अपने पुराने पथ का दीदार करूं। नीतीश कुमार ने कहा कि पांच बार इस इलाके ने मुझे सांसद बनाया। यह कैसे भूल सकता हूं? व्यस्तता अधिक होने की वजह से नहीं आ पाता हूं पर मिलना खूब चाहता हूं। सीएम की इन बातों से लोगों की भावनाएं जुड़ रहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को देख काफी अच्छा लग रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल करता था कि अपने पुराने इलाके में चलकर लोगों को नमस्कार करेंगे। बहुत खुशी हो रही आज। आप सभी लोग आगे बढ़ते रहिए। मुख्यमंत्री ने अपनी इस नए किस्म की यात्रा में कहीं भी कोई भाषण नहीं किया। एक-एक गांव कई-कई जगहों पर रुके और लोगों से बात की। वह मलामा, गोपालबाद, दरबे, परनावां, सहरी, हाथीदह, मरांची, वादपुर, मालपुर, डुमरा, दरियापुर चौक, औैंटा, मोकामा घाट, चिंतामनचक टोला, कोरमा बाजार, मोर, मेकरा, देवी स्थान व पंडारक में रूके। उनके पुराने साथी भी यहां जुटे थे।

घोसवरी प्रखंड मुख्यालय के भोला स्थान के निकट लोगों ने मंच भी बना लिया था। वहां जुटे लोगों से उन्होंने उनके पास जाकर भेंट की। रामपुर डुमरा के रास्ते आगे बढऩे पर सडक़ के दोनों किनारे लोगों की भीड़ थी। सुरक्षा की अनदेखी करते हुए वह भीड़ में भी गए। पंडारक प्रखंड में वह पोखरपर गांव, ग्राम पंचायत रैली सहित कई गांव में जाकर कार्यकर्ताओं से मिले और लोगों से उनका हाल पूछा। कहीं कहीं लोगों ने उनसे अपनी समस्याअें को भी साझा किया।