पटना

बेगूसराय: झोपड़ी से निकली तैराक बेबी कुमारी ने राष्ट्रीय तैराकी में जीता सिल्वर मेडल


नहर से स्वीमिंग की शुरुआत कर पहुंची तरण ताल तक

वीरपुर (बेगूसराय)(आससे)। बिहार की चैंपियन तैराक बेबी कुमारी ने सीनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में सिल्वर मैडल जीत कर राज्य का नाम रौशन किया है। 26 से 29 अक्टूबर को कर्नाटक के बैंगलोर शहर में 74वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिका चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। इसमें बेबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उसने वाटर पोलो स्पर्धा में यह जीत दर्ज कर जिले व राज्य को गौरवांवित किया।

पर्रा पंचायत के सरौंजा गांव निवासी फौदार सहनी की झोपड़ी से निकली तैराक बेबी कुमारी आज राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय तरण ताल में धूम मचा रही है। इस मुकाम तक पहुंचने में उसे काफी संघर्ष करना पड़ा। पर उसने गांव के कुरनमा नहर से स्वीमिंग की शुरुआत की तो फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा। सब जूनियर और जूनियर स्पर्द्धाओं में वर्षों तक वह बिहार की चौंपियन रही हैं।

दर्जनों राष्ट्रीय चौंपियनशिप में खेल कर कई मैडल जीत चुकी हैं। अब सीनियर तैराकी में भी अपना दबदबा कायम कर रही है। बेबी को खेल कोटा से सीआरपीएफ की नौकरी भी मिल गई है। पर तैराकी का जुनून अब भी उतना ही है,जितना पहले था। वह कहती है कि उसका लक्ष्य ओलम्पिक खेलों में देश को मेडल दिलाना है। इसके लिए वह जी तोड़ मेहनत और खूब अभ्यास कर रही है।